जुन्दा में 6000 पौधों के लक्ष्य के साथ वृक्षारोपण अभियान शुरू, प्रशासन और इफको ने मिलकर लगाए 300 पौधे
जुन्दा ग्राम पंचायत में इफको के सहयोग से 6000 पौधे लगाने के अभियान की शुरुआत हुई। पहले दिन 300 पौधे लगाए गए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
तस्वीर में ग्राम पंचायत जुन्दा और इफको के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपखंड अधिकारी सुश्री आकांक्षा दुबे, विकास अधिकारी श्री मामराज मीणा, स्थानीय जनप्रतिनिधि और स्कूली बच्चे चरागाह भूमि पर वृक्षारोपण करते और बैनर के साथ खड़े नजर आ रहे हैं।
ग्राम पंचायत जुन्दा में चरागाह भूमि पर इफको और ग्राम पंचायत के संयुक्त तत्वावधान में वृक्षारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत पहले चरण में नीम और कंज के करीब 300 पौधे लगाए गए, जबकि कुल 6000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पौधों की सुरक्षा के लिए इफको द्वारा पूरे क्षेत्र में चारों ओर तारबंदी भी कराई गई है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रेलमगरा उपखंड अधिकारी सुश्री आकांक्षा दुबे थीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में रेलमगरा विकास अधिकारी श्री मामराज मीणा तथा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में सहायक विकास अधिकारी गिरिराज आगाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम में इफको के परियोजना प्रबंधक श्री देवेंद्र कुमार, इफको के डायरेक्टर श्री दाड़म लाल जाट, श्री नाना लाल जाट, गुरुकुल कॉन्सेप्ट एजुकेसन स्कूल नाथूद्वारा की प्रधानाध्यापक हेमादरी माली, जुन्दा के पूर्व सरपंच घीसू लाल पितलियाँ, भाजपा कार्यकर्ता राजेंद्र व्यास, भगवान लाल कुमार, ग्राम विकास अधिकारी गोपाल सालवी, कैलाश वैष्णव, विनोद व्यास, बालू राम जाट, रतन लाल शर्मा, रतन लाल जाट, कैलाश गाडरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर उपखंड अधिकारी सुश्री आकांक्षा दुबे ने पर्यावरण संरक्षण और मानव जीवन में वृक्षारोपण के महत्व एवं उसकी अनिवार्यता पर प्रकाश डाला। उन्होंने सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी देते हुए ग्राम पंचायत और इफको की इस पहल की सराहना की।
विकास अधिकारी श्री मामराज मीणा ने उपस्थित लोगों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से प्रत्येक वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसकी देखभाल कर उसे बड़ा करने की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने सरकार द्वारा चलाए जा रहे अभियान की जानकारी देते हुए लगाए जा रहे सभी पौधों के जीवित रहने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया तथा पौधों की नियमित देखरेख और सिंचाई करने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जुन्दा प्रशासक श्री मिठू सिंह चौहान ने की। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत पौधों को जीवित रखने के लिए हरसंभव सहयोग करेगी। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती संतोष चौधरी ने किया। इस अवसर पर गुरुकुल स्कूल नाथूद्वारा के विद्यार्थियों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।