आमेट में बालिकाओं को हार्मोनल परिवर्तन और मासिक धर्म पर जागरूक किया, 50 छात्राओं को मिले सैनिटरी पैड
आमेट के पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में महावीर इंटरनेशनल ने हार्मोनल परिवर्तन व मासिक धर्म जागरूकता कार्यशाला आयोजित कर 50 बालिकाओं को सैनिटरी पैड वितरित किए।
तस्वीर में पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आमेट में आयोजित जागरूकता कार्यशाला के दौरान महावीर इंटरनेशनल के पदाधिकारी, विद्यालय स्टाफ और हाथों में सैनिटरी पैड लिए बैठी छात्राएं नजर आ रही हैं।
आमेट में महावीर इंटरनेशनल अपेक्स के तत्वावधान में 52वें स्थापना दिवस पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आमेट में बालिकाओं के लिए हार्मोनल परिवर्तन एवं मासिक धर्म जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य किशोरावस्था से जुड़ी स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारियों के प्रति छात्राओं को जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता डॉ. रंजनी मैडम (आयुर्वेदिक औषधालय आमेट) ने बालिकाओं को किशोरावस्था में होने वाले हार्मोनल परिवर्तनों, मासिक धर्म से जुड़ी आवश्यक जानकारी, स्वच्छता, पोषण तथा स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के बारे में सरल एवं प्रेरणादायक ढंग से जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। संस्था की ओर से 50 बालिकाओं को सैनिटरी पैड वितरित किए गए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रकाश जी प्रजापत ने स्वागत वक्तव्य देते हुए संस्था के सभी पदाधिकारियों का उपरणा एवं तिलक से अभिनंदन किया। उन्होंने महावीर इंटरनेशनल द्वारा आयोजित जनहित एवं सेवा कार्यों की सराहना करते हुए ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को समय की आवश्यकता बताया।
महावीर इंटरनेशनल राजसमंद जॉन सचिव वीर ज्ञानेश्वर मेहता ने संस्था के 52वें स्थापना दिवस पखवाड़ा कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने महावीर इंटरनेशनल द्वारा समाजहित में किए जा रहे सेवा एवं समर्पण के विभिन्न कार्यों पर भी प्रकाश डाला।
इस अवसर पर संस्था अध्यक्ष अभय कुमार गेलड़ा, राजसमंद जॉन सचिव ज्ञानेश्वर मेहता, जॉन कोषाध्यक्ष ललित ढिलीवाल, बोर्ड ऑफ डायरेक्टर वीर लाभचंद हिंगड़, वीर महेंद्र कुमार बोहरा, वीर अरविंद कुमार भरसरिया, वीर राजेंद्र डांगी, विद्यालय स्टाफ भगवती लाल धाभई, रेखा जीनगर मैडम सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन तथा अंत में आभार प्रदर्शन श्री जगदीश जी शर्मा ने किया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार एवं छात्राओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही, जिससे किशोरियों में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने का संदेश मिला।