पालीवाल समाज ने शुरू किया परिवार परिचय एवं जनगणना अभियान
वौराट क्षेत्र के देवियों की मेरड़ा में हुई बैठक, समाज को संगठित व सशक्त बनाने के लिए प्रकाशित की जाएगी परिवार सृजन पुस्तिका।
तस्वीर में 24 श्रेणी पालीवाल समाज सेवा समिति के सदस्य देवियों की मेरड़ा गांव में आयोजित बैठक के दौरान अभियान का बैनर और प्रपत्र थामे नजर आ रहे हैं।
24 श्रेणी पालीवाल समाज सेवा समिति के तत्वावधान में संचालित परिवार परिचय एवं जनगणना अभियान का शुभारंभ वौराट क्षेत्र के गांव देवियों की मेरड़ा में आयोजित बैठक के साथ किया गया। बैठक में समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं एवं मातृशक्ति से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए समाज युवा संयोजक गिरीश पालीवाल ने कहा कि समाज द्वारा परिवार सृजन पुस्तिका का प्रकाशन किया जाना है। इसके लिए परिवार परिचय एवं जनगणना अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता और परस्पर सहयोग से ही समर्थ एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव है। समाज के सभी सकारात्मक कार्यों में निस्वार्थ भाव से योगदान देना प्रत्येक समाजजन का दायित्व है।
राजेश पालीवाल एवं प्रदीप पालीवाल ने परिवार परिचय एवं जनगणना प्रपत्र भरने की विस्तृत जानकारी दी। कोतवाल देवीलाल पालीवाल एवं पूर्व कोषाध्यक्ष छगनलाल पालीवाल ने समाज के विभिन्न सकारात्मक निर्णयों की जानकारी साझा की, जबकि समिति उपाध्यक्ष धर्म नारायण पालीवाल ने समाज उत्थान के लिए सुझाव प्रस्तुत किए। युवा साथियों ने शिक्षा को बढ़ावा देने तथा युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में सर्वसम्मति से गांव देवियों की मेरड़ा में परिवार परिचय एवं जनगणना अभियान के संचालन के लिए नरेश पालीवाल, शंकरलाल, भेरूलाल, महेंद्र, रामचंद्र, मगनलाल, नरेश, प्रताप पालीवाल, कालूराम एवं अंबालाल पालीवाल को जिम्मेदारी सौंपी गई। इस अवसर पर समाज के अनेक वरिष्ठजन भी उपस्थित रहे। अभियान का उद्देश्य समाज के प्रत्येक परिवार का व्यवस्थित परिचय संकलित कर परिवार सृजन पुस्तिका के प्रकाशन को सफल बनाना तथा समाज को अधिक संगठित, समर्थ और सशक्त बनाने की दिशा में सामूहिक भागीदारी सुनिश्चित करना है।