केलवा में एक महीने में 10 वाहन चोरी, सीसीटीवी फुटेज के बावजूद खुलासा नहीं, ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी
केलवा में एक महीने में 10 वाहन चोरी के बाद भी पुलिस को सफलता नहीं मिली। सीसीटीवी फुटेज होने के बावजूद खुलासा नहीं होने पर ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी।
केलवा थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पिछले एक महीने में 10 मोटरसाइकिल और स्कूटी चोरी होने के बावजूद पुलिस अब तक एक भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी है। कई मामलों में सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध होने के बाद भी चोर पुलिस की पकड़ से बाहर हैं, जिससे क्षेत्र में असुरक्षा की भावना बढ़ने के साथ पुलिस के प्रति लोगों में नाराजगी भी गहराती जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रही वाहन चोरी की वारदातों का खुलासा नहीं होने से अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं। उनका आरोप है कि चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ रही है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि कुछ समय पहले केलवा थाने के नीचे स्थित एक दुकान से चोर सीसीटीवी कैमरे तोड़कर ले गए थे, लेकिन उस घटना का भी आज तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। इस मामले में भी कार्रवाई नहीं होने से लोगों का आक्रोश और बढ़ गया है।
वाहन चोरी के पीड़ित विकास बोहरा ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस जल्द ही चोरों का पता लगाकर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं करती है तो ग्रामीणों और वाहन मालिकों के साथ केलवा थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
ग्रामीणों और व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से वाहन चोर गिरोह की शीघ्र गिरफ्तारी और सभी मामलों के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित करने की मांग की है। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं और अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं होने से क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल लगातार उठ रहे हैं।