डॉ. दिनेश त्यागी ने देवगढ़ के विकास कार्यों को सराहा, सद्भावना केंद्र को बताया प्रदेश का रोल मॉडल

पूर्व आईएएस डॉ. दिनेश त्यागी ने देवगढ़ में विकास कार्यों और पर्यावरण पहलों का निरीक्षण कर मुख्यमंत्री सद्भावना केंद्र को प्रदेश का रोल मॉडल बताया।

Update: 2026-07-10 11:51 GMT

तस्वीर में पूर्व आईएएस डॉ. दिनेश त्यागी, अधिशासी अधिकारी पिंटूलाल जाट और स्थानीय महिलाएं देवगढ़ में आयोजित सीड बॉल निर्माण कार्यशाला के दौरान मौजूद हैं।

राजसमन्द के देवगढ़ में डिजिटल गवर्नेंस के प्रणेता और मणिपुर-त्रिपुरा कैडर के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार त्यागी ने एक दिवसीय दौरे के दौरान नगर पालिका देवगढ़ की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, पर्यावरण संरक्षण परियोजनाओं और शहरी विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशासन द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए शहर के विकास को और बेहतर बनाने के लिए तकनीकी सुझाव दिए।

बैंकिंग सुधार विशेषज्ञ और बैंकिंग क्षेत्र के सुधारों में पीएचडी धारक डॉ. दिनेश त्यागी को देश में डिजिटल गवर्नेंस, सीएससी नेटवर्क को मजबूत करने और वित्तीय समावेशन को ग्रामीण स्तर तक बढ़ावा देने वाले विजनरी लीडर के रूप में जाना जाता है। दौरे के दौरान उन्होंने देवगढ़ प्रशासन की पहल और विकास कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया।

देवगढ़ पहुंचने पर डॉ. दिनेश त्यागी सबसे पहले नगर पालिका देवगढ़ और करियर संस्थान द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सद्भावना केंद्र पहुंचे। उन्होंने केंद्र को पूरे प्रदेश के लिए रोल मॉडल बताया। इसके बाद उन्होंने शहरी विकास शिविर का निरीक्षण किया और आमजन को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। शिविर में मौजूद लाभार्थियों से संवाद करते हुए उन्होंने इस पहल को जनता के लिए अत्यंत लाभदायक और राहतकारी बताया।



 





मुख्यमंत्री सद्भावना केंद्र पर डॉ. त्यागी ने स्थानीय महिलाओं से विशेष रूप से संवाद किया। इसके बाद उन्होंने ठोस कचरा प्रबंधन संयंत्र यानी लेगेसी वेस्ट प्लांट का भौतिक निरीक्षण किया। कचरा निस्तारण और पर्यावरण प्रबंधन की दिशा में नगर पालिका देवगढ़ के प्रयासों को उन्होंने सराहनीय और अनुकरणीय बताया।

प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए डॉ. त्यागी ने प्लांट के संचालन को और अधिक प्रभावी, वैज्ञानिक और टिकाऊ बनाने के लिए मौके पर कई महत्वपूर्ण तकनीकी सुझाव दिए। उन्होंने कचरे से कंचन बनाने की दिशा में नए प्रयोगों पर जोर दिया, जिससे नगर पालिका आत्मनिर्भर बन सके। उन्होंने नगर पालिका द्वारा चलाए जा रहे वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण कार्यों का भी जायजा लिया और इसे प्रशासन की बेहतरीन एवं अनुकरणीय पहल बताया।

डॉ. दिनेश त्यागी ने नगर पालिका देवगढ़ के अधिशासी अधिकारी पिंटूलाल जाट की कार्यशैली और उनके नेतृत्व में किए जा रहे जनहित के कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर जेईएन शैलेंद्र आजाद, दिनेश जीनगर, यूथ आइकॉन ऑफ राजस्थान भावना पालीवाल, दिल्ली से आए मनीष अग्रवाल, उत्तम, सेठा सिंह सहित नगर पालिका का स्टाफ और प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे।

अधिशासी अधिकारी पिंटूलाल जाट ने नगर पालिका की ओर से आभार व्यक्त करते हुए विश्वास दिलाया कि लेगेसी वेस्ट प्लांट, शहरी विकास और पर्यावरण संरक्षण को लेकर डॉ. त्यागी द्वारा दिए गए बहुमूल्य सुझावों को प्राथमिकता के साथ धरातल पर लागू किया जाएगा, ताकि देवगढ़ को राज्य का एक मॉडल टाउन बनाया जा सके।

Tags:    

Similar News