ईद मिलादुन्नबी पर कपासन में हर्षोल्लास से निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी, दरगाह पर दुआ
कपासन में ईद मिलादुन्नबी पर जुलूस-ए-मोहम्मदी हर्षोल्लास से निकला। जामा मस्जिद से शुरू हुआ जुलूस दरगाह शरीफ पहुंचा, जहां गुलाब के फूलों से स्वागत, लंगर, आकर्षक सजावट और देश की खुशहाली के लिए दुआ हुई।
तस्वीर में कपासन की सड़क पर जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मौके पर निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी दिखाई दे रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हैं।
कपासन में इस्लाम के पैगंबर हजरत मोहम्मद सलल्लाहो अलेही वसल्लम के यौमे पैदाइश का पर्व जश्ने ईद मिलादुन्नबी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आम मुस्लिम अंजुमन कमेटी की ओर से जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होकर दरगाह शरीफ पहुंचा।
आम मुस्लिम अंजुमन कमेटी के प्रवक्ता गुड्डू खान ने बताया कि ईद मिलाद का जुलूस सुबह 9 बजे जामा मस्जिद, मोमिन मोहल्ला से शुरू हुआ। जुलूस कलन्द्री मस्जिद, पांच बत्ती चौराहा और हाईवे चौराहा होते हुए सुबह 11 बजे दरगाह शरीफ पहुंचा।
अंजुमन सदर अशफाक हुसैन तुरकिया की सदारत में निकले जुलूस में सबसे आगे मस्जिद बड़ा तालाब के कारकून नाते रसूल पढ़ते हुए चल रहे थे। इनके पीछे मदरसा तालीमुल इस्लाम, मोमिन मोहल्ला, मदरसा अहमदिया अशरफियां के बच्चे हाथों में झंडे लहराते हुए हुजूर की गुलामी का सबूत दे रहे थे।
जुलूस में शहर काजी मोहम्मद सईद, कलन्द्री मस्जिद के इमाम अब्दुर्रहीम अशरफी, मौलाना आदिल रजा, बड़ा तालाब इमाम सय्यद मुस्तफा अली, मस्जिद मंसूरिया के इमाम मौलाना जुबैर और कच्ची बस्ती के इमाम मोहम्मद रफीक बग्गी में सवार थे।
सुबह 11 बजे जुलूस के दरगाह शरीफ पहुंचने पर वक्फ कमेटी के सदर सय्यद एजाज अली ने पूरी कमेटी के साथ जुलूस में शामिल मुस्लिम धर्मावलंबियों का गुलाब के फूल देकर स्वागत किया। इस दौरान दीवाना ए मुस्तफा कमेटी, गुलशने रजा कमेटी और फैजाने मुस्तफा कमेटी की जानिब से लंगर का बेहतरीन इंतजाम किया गया।
इंडियन मुस्लिम यूनिटी की जानिब से दरगाह के बाहर आकर्षक सजावट की गई। इसके पश्चात दरगाह शरीफ में देश की खुशहाली, अमन और सुकून के लिए दुआ की गई तथा मोहब्बत का पैगाम दिया गया।