संकुल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में राउप्रावि डेगाणा का दबदबा, छात्र-छात्रा वर्ग में बनी चैम्पियन

आमेट के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय डेगाणा में आयोजित 13वीं संकुल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में छात्र एवं छात्रा वर्ग में मेजबान विद्यालय चैम्पियन रहा। समापन समारोह में विजेताओं को सम्मानित किया गया, वहीं अतिथियों ने खेलों के महत्व और बालिका शिक्षा पर अपने विचार रखे।

Update: 2026-07-29 11:08 GMT

तस्वीर में 13वीं संकुल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह के दौरान डेगाणा विद्यालय के विजेता छात्र-छात्राएं और अतिथि ट्रॉफी के साथ नजर आ रहे हैं।

आमेट। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय डेगाणा में आयोजित 13वीं संकुल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में मेजबान राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय डेगाणा ने छात्र एवं छात्रा वर्ग में चैम्पियन बनने का गौरव हासिल किया। प्रतियोगिता के समापन एवं पारितोषिक वितरण समारोह के मुख्य अतिथि अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी किशन लाल गुर्जर रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पीईईओ गोवल गणेश लाल गुर्जर ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में आरपी भगवती लाल धाभई, एसएमसी अध्यक्ष मीठा लाल गुर्जर, केन्द्राध्यक्ष मनोहर लाल कुमावत, जनरल रेफरी गिरिराज डाकोत तथा संयोजक मुकेश वैष्णव उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत में केन्द्राध्यक्ष मनोहर लाल कुमावत ने स्वागत उद्बोधन देते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन में आर्थिक सहयोग प्रदान करने वाले भामाशाहों एवं ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक मुकेश वैष्णव ने किया, जबकि दो दिवसीय संकुल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का प्रतिवेदन जनरल रेफरी गिरिराज डाकोत ने प्रस्तुत किया।

शारीरिक शिक्षक कुलदीप खटीक ने बताया कि प्रतियोगिता में जिम्नास्टिक एवं खो-खो की छात्र एवं छात्रा वर्ग प्रतियोगिताओं में मेजबान डेगाणा विद्यालय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि द्वितीय स्थान राजकीय प्राथमिक विद्यालय सात बड़लिया को मिला। कबड्डी छात्र वर्ग में नारु जी का गुढ़ा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा राजकीय प्राथमिक विद्यालय गादरोला द्वितीय स्थान पर रहा। वहीं कबड्डी छात्रा वर्ग में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय डेगाणा प्रथम तथा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गादरोला द्वितीय स्थान पर रहा। इसके अलावा एथलेटिक्स, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक प्रतियोगिताओं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले संकुल के खिलाड़ियों को अतिथियों ने पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया।

समारोह को संबोधित करते हुए अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी किशन लाल गुर्जर ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताओं में भाग लेने से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है तथा खेलों के माध्यम से उनका शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है। वहीं पीईईओ गोवल गणेश लाल गुर्जर ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए बालिका शिक्षा पर विशेष जोर दिया।

समापन समारोह के अवसर पर डेगाणा ग्राम के गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News