पीएम श्री स्कूल आमेट के 4 छात्रों का राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में चयन
राजसमंद जिला टीम से 3 खिलाड़ी बालोतरा में क्रिकेट और 1 छात्र ब्यावर में ताइक्वांडो राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
तस्वीर में बाएं से दाएं सचिन सिंह, मोहम्मद जुनैद, दीपक पारीक और कैलाश प्रजापत दिख रहे हैं।
आमेट। पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आमेट के चार खिलाड़ियों ने जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य स्तर पर अपनी जगह बनाई है। 35वीं जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में विद्यालय के 19 वर्ष छात्र वर्ग की टीम के विजेता बनने तथा जिला स्तरीय ताइक्वांडो खेलकूद प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतने के बाद चार खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं के लिए चयन किया गया है।
विद्यालय के सह खेल प्रभारी मुकेश चन्द्र वैष्णव ने बताया कि जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के 19 वर्ष छात्र वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मोहम्मद जुनैद, दीपक पारीक और सचिन सिंह का राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। वहीं, ताइक्वांडो खेलकूद प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल विजेता कैलाश प्रजापत का भी राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया है।
विद्यालय के चार खिलाड़ियों के राज्य स्तर पर चयन होने पर प्रधानाचार्य प्रकाश चन्द्र प्रजापत, उप प्राचार्य बाबुलाल सालवी, प्राध्यापक एवं क्रिकेट दक्ष प्रशिक्षक जगदीश चन्द्र शर्मा, ताइक्वांडो दल प्रभारी लक्ष्मण लाल गुर्जर, राखी आर्य, रेखा जीनगर, नीलम शर्मा, चंचल विश्नोई, भैरुलाल जीनगर, मुकेश वैष्णव, कुलदीप सिंह सोलंकी, रौनक मेवाड़ा, बालकृष्ण आमेटा आदि ने हर्ष व्यक्त करते हुए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं प्रेषित की।
मोहम्मद जुनैद, दीपक और सचिन सिंह बालोतरा में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में तथा कैलाश प्रजापत ब्यावर में होने वाली ताइक्वांडो राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में राजसमंद जिला टीम से खेलेंगे। इस चयन के साथ पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आमेट के चार खिलाड़ियों ने जिला स्तर से राज्य स्तर तक अपनी खेल प्रतिभा को आगे बढ़ाया है।