आमेट में गणपति महोत्सव: सिद्धिविनायक मंदिर में रातभर गूंजे भजन, थिरके श्रद्धालु
पूरणमल गुर्जर एंड पार्टी ने सांवरिया सेठ के भजनों की दी प्रस्तुति, नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्ष समेत कई गणमान्य नागरिक रहे मौजूद।
तस्वीर में गणपति महोत्सव के मंच पर गायक भजन प्रस्तुत करते हुए दिख रहे हैं।
आमेट नगर में गणपति महोत्सव के अवसर पर सिद्धिविनायक मंदिर, गणेश चौक, सब्जी मंडी स्थित परिसर में विशाल भजन संध्या का आयोजन हुआ। भजन संध्या में भजन गायक पूरणमल गुर्जर एंड पार्टी ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को देर रात तक भक्ति में सराबोर रखा।
भजन संध्या में सांवरिया सेठ के भजनों के साथ ‘आडो खोलो मुंडे बोलो मारा सांवरिया सरकार’, ‘चल डोकरी माता जी के ओपा नूता सारी दुनिया नूते’ और ‘पूरी दुनिया रो सेट वह गया रो गवाल मारो सांवरियो सेठ’ सहित कई भजनों की प्रस्तुतियां दी गईं। भजन संध्या भोर तक चली। भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे और नाचने लगे।
इस अवसर पर भजन संध्या में नवनिर्वाचित अध्यक्ष दिनेश सरणोत, उप चेयरमैन राजेश पालीवाल, सिद्धिविनायक मंदिर के अध्यक्ष मनोहर सिंह राठौड़, पार्षद रमन कंसारा, राधेश्याम खटीक, प्रकाश पालीवाल, यशवंत पालीवाल, नारायण सिंह पंवार, किशन पालीवाल, श्रीपाल पारीक सहित नगर के बड़ी संख्या में महिला-पुरुष उपस्थित थे।
गणपति महोत्सव के दौरान आयोजित इस भजन संध्या में रातभर श्रद्धालुओं की भक्ति और सहभागिता बनी रही तथा सिद्धिविनायक मंदिर परिसर भजनों से गूंजता रहा।