राजसमन्द में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का भाजपा पदाधिकारियों से संवाद, बूथ मजबूती और चुनावी जीत का दिया मंत्र
राजसमन्द दौरे पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भाजपा पदाधिकारियों को संगठन मजबूती, बूथ सशक्तीकरण और आगामी चुनावों में ऐतिहासिक जीत का मंत्र दिया।
तस्वीर में राजसमंद में आयोजित एक संवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, मंच पर बैठे अन्य जनप्रतिनिधि और माइक पर बोलते हुए एक कार्यकर्ता नजर आ रहे हैं।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने एक दिवसीय राजसमन्द प्रवास के दौरान भिक्षु निलियम के सभागार में भाजपा राजसमन्द के जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों एवं प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन देते हुए आगामी नगर निकाय एवं पंचायती राज चुनावों में पूरी ताकत और समर्पण के साथ जुटकर भाजपा को ऐतिहासिक विजय दिलाने का आह्वान किया।
भाजपा जिला मीडिया संयोजक अरविंद सिंह भाटी ने बताया कि संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का एक सशक्त संगठन है। संगठन की शक्ति ही भाजपा की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा का प्रतिनिधि है और जनता के बीच उसका व्यवहार ही संगठन की पहचान बनता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी नगर निकाय एवं पंचायती राज चुनाव भाजपा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। प्रत्येक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत करें। भाजपा की रीति-नीति, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास कार्यों को प्रत्येक घर तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि जीत का सबसे बड़ा आधार मजबूत बूथ संगठन होता है। यदि प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेगा तो चुनावी सफलता निश्चित होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय ही नहीं, बल्कि वर्षभर जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान का प्रयास करता है। यही भाजपा की कार्य संस्कृति है, जिसने पार्टी को देश का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनाया है।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष जगदीश पालीवाल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राजसमन्द भाजपा संगठन सदैव कार्यकर्ता आधारित संगठन रहा है। जिले का प्रत्येक कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में आगामी नगर निकाय एवं पंचायती राज चुनावों में पूरी निष्ठा, समर्पण और एकजुटता के साथ कार्य करेगा तथा संगठन को ऐतिहासिक विजय दिलाने के लिए संकल्पित है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए मार्गदर्शन को जिले के प्रत्येक मंडल और बूथ तक पहुंचाया जाएगा। मुख्यमंत्री के प्रेरणादायी मार्गदर्शन से संगठन को नई ऊर्जा मिली है और सभी कार्यकर्ता आगामी चुनावों में पूरी ताकत के साथ भाजपा की विजय सुनिश्चित करने के लिए कार्य करेंगे।
कार्यक्रम का संचालन एवं अतिथियों का स्वागत भाजपा जिला महामंत्री प्रदीप काबरा, महेंद्र सिंह चौहान एवं रमन कंसारा ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर उदयपुर संभाग प्रभारी नाहर सिंह जोधा, संगठन प्रभारी नीरज जैन, सह प्रभारी राजेन्द्र सिंह, विधायक सुरेंद्र सिंह राठौड़, विश्वराज सिंह मेवाड़, दीप्ति माहेश्वरी सहित भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे। संवाद कार्यक्रम में संगठन की मजबूती, बूथ सशक्तीकरण और आगामी चुनावों की रणनीति पर विशेष जोर दिया गया।