आमेट के राजकीय उप जिला अस्पताल परिसर में संचालित श्री अन्नपूर्णा रसोई संख्या 157 को करीब दो किलोमीटर दूर निजी परिसर में स्थानांतरित करने के प्रस्ताव ने विरोध खड़ा कर दिया है। नगर के गणमान्य नागरिकों और नगर पार्षदों ने इस निर्णय पर आपत्ति जताते हुए नगरपालिका अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा और रसोईघर को वर्तमान स्थान पर ही संचालित रखने की मांग की।

नगरपालिका के पूर्व प्रतिपक्ष नेता प्रदीप सिंह राठौड़, समाजसेवी पुष्पेन्द्र जांगिड, पार्षद मनोज बुनकर, ताहिर अली, सुरेश सिंह खिंची, विनोद रेगर, हिम्मत खटीक और भेरूलाल खटीक सहित अन्य लोगों ने ज्ञापन में बताया कि नगरपालिका की ओर से 6/11/2026 को जारी आम सूचना के माध्यम से राजकीय उप जिला अस्पताल परिसर में संचालित श्री अन्नपूर्णा रसोई संख्या 157 को अस्पताल परिसर से करीब दो किलोमीटर दूर नगर के शनि महाराज मंदिर के समीप एक निजी परिसर में स्थानांतरित करने का प्रस्ताव रखा गया है।

ज्ञापन में कहा गया कि आमजन, मरीजों और उनके परिजनों की सुविधाओं को देखते हुए यह प्रस्ताव उचित नहीं है। राजकीय उप जिला अस्पताल में प्रतिदिन आमेट नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आमजन, जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के परिवार उपचार के लिए पहुंचते हैं। मरीजों के साथ आने वाले परिजनों को कई दिनों तक अस्पताल में ठहरना पड़ता है। ऐसे में अस्पताल परिसर में संचालित श्री अन्नपूर्णा रसोई उनके लिए सस्ती दर पर भोजन उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण सुविधा है।

ज्ञापन देने वालों ने आशंका जताई कि यदि रसोईघर को अस्पताल परिसर से दो किलोमीटर दूर स्थानांतरित किया जाता है तो मरीजों के परिजनों, बुजुर्गों, महिलाओं और अन्य जरूरतमंद लोगों को भोजन प्राप्त करने के लिए अनावश्यक दूरी तय करनी पड़ेगी। विशेष रूप से गंभीर मरीजों के परिजनों और रात के समय अस्पताल में रुकने वाले लोगों को इससे काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

ज्ञापन में नगरपालिका की आम सूचना में आश्रय स्थल भवन में संचालित दूसरी श्री अन्नपूर्णा रसोई संख्या 841 का भी उल्लेख किया गया। इस पर आपत्ति जताते हुए कहा गया कि दूसरी अन्नपूर्णा रसोई का संचालन अस्पताल परिसर में संचालित रसोई की आवश्यकता और उपयोगिता को समाप्त नहीं करता है।

नगरवासियों ने स्पष्ट किया कि अन्नपूर्णा रसोई योजना का मूल उद्देश्य गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों को सस्ती दर पर भोजन उपलब्ध कराना है, न कि किसी निजी व्यक्ति अथवा संपत्ति को लाभ पहुंचाना।

ज्ञापन में यह विकल्प भी सुझाया गया कि यदि अस्पताल के आसपास रसोईघर संचालित करने के लिए कोई उपयुक्त स्थान उपलब्ध नहीं है तो इसे पूर्व में स्थापित शांतिनाथ क्षेत्र में संचालित किया जाना चाहिए, ताकि वहां के जरूरतमंद लोगों को भी सस्ती दर पर भोजन की सुविधा मिल सके। नगर पार्षदों और नागरिकों ने जनहित को ध्यान में रखते हुए अस्पताल परिसर में संचालित रसोई संख्या 157 को वर्तमान स्थान पर ही बनाए रखने की मांग उठाई है।

Tags: