आमेट में दीपावली पर दीपमालाओं से जगमगाया नगर, महिलाओं ने परंपरागत तरीके से की गोवर्धन पूजा
आमेट में दीपावली पर लक्ष्मी बाजार रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाया और जयसिंह श्याम जी मंदिर में विशेष श्रृंगार हुआ। दीपोत्सव के अगले दिन महिलाओं ने गाय के गोबर से गोवर्धन बनाकर पूजा-अर्चना की।
आमेट में दीपावली के दूसरे दिन नववर्ष पर गोवर्धन पूजा के अवसर पर पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाएं गोबर से बने गोवर्धन पर्वत की पूजा-अर्चना करती हुईं।
आमेट उपखंड मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में सनातन धर्मावलंबियों का प्रमुख पर्व दीपावली पारंपरिक उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आमेट नगर में दीपोत्सव का मुख्य आयोजन हुआ। पूरे नगर में दीपमालाओं और आकर्षक विद्युत सजावट से बाजारों, मंदिरों और घरों की रौनक देखते ही बनी।
दीपावली के अवसर पर नगर के प्रमुख व्यापारिक केंद्र लक्ष्मी बाजार को विशेष रूप से सजाया गया। बाजार के प्रत्येक प्रतिष्ठान पर रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट नजर आई। व्यापारियों ने शुभ मुहूर्त में मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि एवं शुभता की कामना की।
नगर के आराध्य भगवान श्री जयसिंह श्याम जी मंदिर को भी आकर्षक विद्युत सजावट से रोशन किया गया। मंदिर में भगवान श्याम जी का विशेष श्रृंगार किया गया, जिसके दर्शन के लिए श्रद्धालु पहुंचे। दीपोत्सव के दौरान नागरिकों ने परिवार सहित सजे-धजे बाजारों में भ्रमण कर आकर्षक सजावट का आनंद लिया और नगर की रौनक देखी।
शाम होते ही आतिशबाजी से आसमान रोशन हो उठा। नगर की गलियों और मोहल्लों में दीपों की पंक्तियों ने उजाला बिखेरा। आमेटवासियों ने दीपावली का पर्व पारंपरिक उत्साह और आपसी सद्भाव के साथ मनाते हुए एकता और आनंद का संदेश दिया।
इसी क्रम में दीपावली के दूसरे दिन नववर्ष के शुभारंभ पर आमेट नगर में गोवर्धन पूजा का आयोजन किया गया। महिलाओं ने पौराणिक परंपरा को जीवंत रखते हुए श्रद्धा और उत्साह के साथ पूजा-अर्चना की। बदलते समय में जहां पशुधन की संख्या नगण्य होती जा रही है, वहीं नगर की महिलाओं ने घरों के बाहर शुद्ध गाय के गोबर से श्री गोवर्धन नाथ जी की सुंदर मूर्तियां बनाकर उनकी पूजा की।
इस अवसर पर महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सजकर सिर पर पूजा की थाल लेकर शामिल हुईं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत धारण करने की कथा का स्मरण करते हुए गोवर्धन की परिक्रमा की और परिवार की सुख-समृद्धि तथा गौ-धन की वृद्धि की कामना की। कई स्थानों पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से गीत और भजन गाकर उत्सव मनाया।
गोवर्धन पूजा दीपावली के अगले दिन मनाई जाती है। यह पर्व भगवान श्रीकृष्ण द्वारा इंद्र के अभिमान को शांत करने और गोवर्धन पर्वत की आराधना करने की स्मृति में मनाया जाता है। इस दिन गाय, बैल और अन्य पशुओं की पूजा की जाती है। साथ ही गोबर से गोवर्धन पर्वत का प्रतीकात्मक स्वरूप बनाया जाता है। यह परंपरा प्रकृति, पशुधन और कृषि के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता व्यक्त करने का प्रतीक मानी जाती है। आमेट में दीपावली के साथ गोवर्धन पूजा के आयोजन ने धार्मिक परंपराओं और सामूहिक सहभागिता की निरंतरता को दर्शाया।