राजसमंद के सोहनगढ़ में भीषण आग: 5 टन चारा जलकर राख, किसान परिवार को भारी नुकसान
देवगढ़ के सोहनगढ़ गांव में किसान मांगूसिंह और कालूसिंह के बाड़े में आग लगने से 5 टन चारा खाक हो गया, ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।
देवगढ़ के सोहनगढ़ गांव में लगी आग से पांच टन पशु चारा जलकर राख हो गया।
राजसमंद। देवगढ़ क्षेत्र के सोहनगढ़ गांव में बीती रात अचानक लगी भीषण आग ने किसान मांगूसिंह जी एवं कालूसिंह जी चांदावत के परिवार को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया। आग इतनी तेजी से फैली कि उसकी चपेट में आया करीब 4 से 5 टन पशुओं का चारा पूरी तरह जलकर राख हो गया। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने मवेशियों के लिए चारे का संकट खड़ा हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही देवगढ़ चेयरमैन हंसराज जी कंसारा ने तत्काल संज्ञान लेते हुए फायर ब्रिगेड को घटनास्थल पर भेजा। मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड के सुनील जी और उनकी टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत की और आग पर काबू पाया।
आग लगने की जानकारी मिलते ही सरपंच महेंद्र सिंह जी, समाजसेवी गिरधारी सिंह जी सहित सिरोदनिया, हेमपुरा और सोहनगढ़ के सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करते हुए आग बुझाने में फायर ब्रिगेड की टीम का साथ दिया। ग्रामीणों और दमकलकर्मियों की तत्परता से आग पर नियंत्रण पाया जा सका और बड़ा हादसा टल गया।
घटना में पशुओं का 4 से 5 टन चारा नष्ट होने से किसान परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। इसे देखते हुए स्थानीय लोगों ने प्रशासन, तहसीलदार एवं आपदा प्रबंधन विभाग से पीड़ित परिवार के नुकसान का जल्द सर्वे करवाने और उचित सरकारी मुआवजा दिलाने की मांग की है, ताकि आर्थिक संकट से जूझ रहे किसान परिवार को इस मुश्किल घड़ी में राहत मिल सके।