राजसमंद जिले के भीम थाना क्षेत्र में वार्ड पंच चुनाव जीत के जश्न के दौरान एयरगन लहराने के मामले में पुलिस टीम की गिरफ्त में आरोपी युवक।

राजसमंद जिले के भीम थाना क्षेत्र में वार्ड पंच चुनाव में जीत के जश्न के दौरान एयरगन लहराकर प्रदर्शन करना एक युवक को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपी युवक को एयरगन सहित गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, पुलिस महानिदेशक राजस्थान के निर्देशानुसार सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने और दबंगई दिखाने से जुड़े वीडियो पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी निगरानी के दौरान राजसमंद पुलिस की सोशल मीडिया सेल के संज्ञान में एक वीडियो आया। इसमें वार्ड पंच चुनाव में जीत के जश्न के दौरान एक युवक एयरगन लहराते हुए दिखाई दे रहा था।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधीक्षक राजसमंद हेमंत कलाल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेंद्र पारीक एवं भीम वृत्ताधिकारी राकेश वर्मा के सुपरविजन में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। इस टीम का नेतृत्व भीम थाना अधिकारी दिलीप खडाव ने किया।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को एयरगन सहित गिरफ्तार कर लिया। सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वाले वीडियो के आधार पर की गई यह कार्रवाई सार्वजनिक रूप से हथियारनुमा वस्तुओं का प्रदर्शन करने और दबंगई दिखाने से जुड़े मामलों पर पुलिस की निगरानी को रेखांकित करती है।

Tags: