प्रतापगढ़ में एसपी विशाल जांगिड़ के निर्देशन में ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस अधिकारी अपने कार्यालय में नजर आ रहे हैं।

प्रतापगढ़ में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 37 प्रकरण दर्ज किए और 46 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार 18 जुलाई 2026 से 8 अक्टूबर 2026 तक की कार्रवाई में 801 किलो 759 ग्राम डोडाचूरा, 9 किलो 253 ग्राम अफीम, 1 किलो 197 ग्राम एमडी, 127 ग्राम ब्राउनशुगर और 995 ग्राम गांजा जब्त किया गया। तस्करी में इस्तेमाल 31 दोपहिया और चौपहिया वाहन भी जब्त किए गए।

पुलिस के अनुसार डोडाचूरा तस्करी के 13 प्रकरण दर्ज कर 801 किलो 759 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया। अफीम तस्करी के 5 मामलों में 9 किलो 253 ग्राम अफीम, एमडी के 14 मामलों में 1 किलो 197 ग्राम एमडी, ब्राउनशुगर के 4 मामलों में 127 ग्राम ब्राउनशुगर और गांजे के एक मामले में 995 ग्राम गांजा जब्त किया गया।

मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित संपत्ति के खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई की। एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ(1) के तहत संपत्ति फ्रीज करने की दो कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार अरनोद थाना क्षेत्र के देवल्दी निवासी अजब खान की 2 करोड़ 82 लाख 80 हजार रुपए की संपत्ति और बेडमा निवासी जाहिद खान की 1 करोड़ 90 लाख रुपए की संपत्ति फ्रीज की गई। दोनों मामलों में कुल 4 करोड़ 72 लाख 80 हजार रुपए की संपत्ति फ्रीज हुई है।

पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत हुई यह कार्रवाई एसपी विशाल जांगिड़ के निर्देशन और एएसपी जयदेव सियाग के मार्गदर्शन में जिला पुलिस द्वारा की गई। कार्रवाई में मादक पदार्थों की जब्ती के साथ तस्करी में इस्तेमाल वाहनों और तस्करी से अर्जित संपत्ति पर भी कार्रवाई की गई है।

Tags: