सात सज्जिया में नाला पार करते समय तेज बहाव में बहा मजदूर, झाड़ियों में मिला शव

प्रतापगढ़ के सात सज्जिया गांव में नाला पार करते समय तेज बहाव में बहे मजदूर नंदलाल का शव झाड़ियों में मिला, पुलिस ने कार्रवाई की।

Update: 2026-08-03 11:18 GMT

तस्वीर में प्रतापगढ़ के सुहागपुरा में मोर्चरी के बाहर बेंच पर बैठे ग्रामीण और परिजन दिखाई दे रहे हैं।

प्रतापगढ़ जिले के सुहागपुरा थाना क्षेत्र के सात सज्जिया गांव में नाला पार करते समय पानी के तेज बहाव में बहे 25 वर्षीय मजदूर का शव सोमवार को तलाश अभियान के दौरान नाले की झाड़ियों में फंसा मिला। घटना की सूचना मिलने के बाद आपदा प्रबंधन टीम मौके पर पहुंची और सुहागपुरा पुलिस की मौजूदगी में शव को नाले से बाहर निकाला गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

सुहागपुरा थाने के जांच अधिकारी नारायण लाल ने बताया कि सात सज्जिया निवासी नंदलाल (25) पुत्र हरदारा मीणा 1 अगस्त की शाम बगड़ावत से मजदूरी कर अपने गांव लौट रहा था। घर से करीब आधा किलोमीटर दूर रास्ते में नाला पार करते समय पानी के तेज बहाव में वह बह गया।

घटना की सूचना सुहागपुरा पुलिस को रविवार शाम करीब 5 बजे मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नंदलाल की तलाश शुरू की, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी उसका पता नहीं चल सका। इसके बाद सोमवार को पुलिस ने दोबारा नाले में तलाश अभियान चलाया।

तलाशी के दौरान नाले की झाड़ियों में नंदलाल का शव फंसा हुआ मिला। सूचना मिलने पर आपदा प्रबंधन टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने सुहागपुरा पुलिस की मौजूदगी में शव को बाहर निकाला और मोर्चरी में रखवाया।

मृतक के पिता हरदारा मीणा ने मोर्चरी में रिपोर्ट दी। इसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया और शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

नंदलाल मीणा मजदूरी का काम करता था। घटना के बाद सात सज्जिया गांव में मृतक के परिवार में शोक का माहौल है।

Tags:    

Similar News