रायपुर उपखंड क्षेत्र के सेंदड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत गिरी गांव स्थित गिरी-नंदा बांध में शुक्रवार दोपहर एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान देवेंद्र पुत्र पन्नालाल हरिजन, निवासी गिरी के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवेंद्र शुक्रवार 4 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजकर 30 मिनट पर गिरी-नंदा बांध में नहाने के लिए गया था। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह बांध के पानी में जा गिरा और डूब गया।

हादसे की सूचना मिलते ही सेंदड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की सहायता से काफी मशक्कत के बाद युवक को बांध से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चिकित्सालय भेज दिया। हादसे को लेकर परिजनों की ओर से पुलिस थाने में रिपोर्ट दी गई है। युवक किन परिस्थितियों में पानी में डूबा, इसे लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

Tags: