तस्वीर में रायपुर के उपखंड मुख्यालय पर स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सुरक्षा सखी दुर्गा देवी जलवानियां को प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्रदान करते हुए प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी नजर आ रहे हैं।

रायपुर मारवाड़ में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उपखंड मुख्यालय रायपुर में आयोजित समारोह में महिला सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर दुर्गा देवी जलवानियां पत्नी गणपत लाल जलवानियां को सम्मानित किया गया। उपखंड मजिस्ट्रेट ज्वाला सहाय मीणा ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

दुर्गा देवी जलवानियां पुलिस थाना बर की सुरक्षा सखी के रूप में कार्यरत हैं। महानिदेशक पुलिस, जयपुर, राजस्थान द्वारा संचालित महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत उन्होंने क्षेत्र की महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, अधिकारों तथा जागरूकता से संबंधित जानकारी देने में सक्रिय भूमिका निभाई। उनके द्वारा किए गए सराहनीय कार्यों को देखते हुए स्वतंत्रता दिवस समारोह में उन्हें सम्मान प्रदान किया गया।

समारोह में रायपुर उप पुलिस अधीक्षक बंशीलाल पाण्डार, तहसीलदार नरेंद्र बापेड़िया, अधिशासी अधिकारी लक्ष्मण सागर, विकास अधिकारी रायपुर तथा रायपुर थानाधिकारी राजूराम सिरवी सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

महिला सुरक्षा एवं जागरूकता के क्षेत्र में किए गए कार्यों के लिए मिले इस सम्मान से क्षेत्रवासियों ने दुर्गा देवी जलवानियां को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। सुरक्षा सखी के रूप में उनकी सक्रिय भागीदारी को स्वतंत्रता दिवस समारोह में मिले सम्मान ने महिला सुरक्षा और जागरूकता के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित किया।

Tags: