तस्वीर में ब्यावर जिला कलेक्टर सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित हो रही है।

ब्यावर, 12 सितंबर। श्री वीर तेजाजी महाराज मेला वर्ष 2026 के आयोजन की तैयारियों को लेकर शनिवार को जिला कलक्टर सभागार में बैठक आयोजित की गई। जिला कलक्टर एवं प्रशासक, नगर परिषद ब्यावर कमल राम मीना की अध्यक्षता में हुई बैठक में मेले के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए मेला कमेटी के गठन सहित विभिन्न विभागों की ओर से की जाने वाली व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में मेले के दौरान सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था, यातायात एवं परिवहन, पेयजल, विद्युत, खाद्य सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा, पार्किंग और सफाई व्यवस्था सहित आवश्यक जनसुविधाओं की समीक्षा की गई। इसके साथ ही कंट्रोल रूम, उद्घोषक, स्काउट गाइड एवं एनसीसी, अस्थायी प्रकाश एवं सजावट, बैरिकेडिंग तथा सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए।

मेले के प्रचार-प्रसार, अतिथियों को आमंत्रित करने, दुकानों के आवंटन, निगरानी एवं सतर्कता टीम के गठन, अतिक्रमण हटाने, पार्किंग व्यवस्था और साउंड सिस्टम सहित विभिन्न व्यवस्थाओं के संबंध में भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

श्री वीर तेजाजी मेला वर्ष 2026 का आयोजन 19 से 20 सितंबर तक सेदरिया तथा 20 से 22 सितंबर तक तेजा चौक, सुभाष उद्यान से प्राइवेट बस स्टैंड, विजयनगर रोड एवं सम्राट पृथ्वीराज चौहान स्टेडियम, सेदरिया में किया जाएगा।

बैठक में संबंधित विभागीय अधिकारियों को मेले से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने तथा आपसी समन्वय के साथ आयोजन को सफल बनाने के निर्देश दिए गए। इस दौरान जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर ब्रह्मलाल जाट, उपखंड अधिकारी जयपाल सिंह राठौड़, नगर परिषद आयुक्त कीर्ति कुमावत सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags: