ब्यावर जिले की आंगनबाड़ी में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत बैठी महिलाएं दिख रही हैं।

लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदाताओं को जागरूक करने के साथ निर्वाचन प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाली तकनीक की जानकारी देना भी जरूरी है। इसी उद्देश्य से ब्यावर जिले की आंगनबाड़ियों में जिला निर्वाचन अधिकारी कमल राम मीना के निर्देशन में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। जिला स्वीप टीम की ओर से आयोजित इन गतिविधियों की थीम ‘लोकतंत्र की पहचान, तकनीक का ज्ञान’ रखी गई।

10 नवंबर को आयोजित इस अभियान के दौरान आमजन और युवा मतदाताओं को ईवीएम एवं वीवीपैट की कार्यप्रणाली, मतदान प्रक्रिया, मतदाता सूची में अपना नाम जांचने तथा ऑनलाइन मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया समझाई गई। पोस्टर, स्लोगन, प्रश्नोत्तरी, चार्ट प्रदर्शन और संवाद के माध्यम से प्रतिभागियों को निर्वाचन आयोग की डिजिटल सुविधाओं की जानकारी दी गई।

अभियान में बताया गया कि डिजिटल तकनीक ने निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुलभ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार के प्रति सजग रहते हुए निर्वाचन संबंधी ऑनलाइन सुविधाओं का उपयोग करना चाहिए। इसके साथ ही युवाओं से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।

नवाचारपूर्ण गतिविधियों से बढ़ाई जा रही जनभागीदारी

जिला स्वीप टीम की ओर से मतदाता जागरूकता बढ़ाने के लिए लगातार नवाचारपूर्ण गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। विभिन्न विभागों, विद्यालयों, महाविद्यालयों और आंगनबाड़ियों के समन्वय से अलग-अलग थीम पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में आमजन की भागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

अभियान के जरिए यह संदेश दिया गया कि निर्वाचन प्रक्रिया और आधुनिक तकनीक की जानकारी रखने वाला जागरूक मतदाता ही पारदर्शी एवं सशक्त लोकतंत्र की मजबूत नींव है। ईवीएम-वीवीपैट की कार्यप्रणाली से लेकर ऑनलाइन मतदाता पंजीकरण तक की जानकारी देकर मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने पर जोर दिया गया।

Tags: