नाशिक में डकैतों का आतंक: चार घरों में लूटपाट, 6 घायल
डकैतों के हमले का विरोध करने पर ग्रामीणों के साथ हुई मारपीट, एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
नाशिक जिले के मनमाड इलाके में हथियारबंद डकैतों ने एक ही रात में चार घरों को निशाना बनाकर जमकर आतंक मचाया। कऱ्ही और सटाणे गांव में गुरुवार (6 नवंबर) की मध्यरात्रि 10 से 12 डकैतों की टोली ने चार घरों में घुसकर सशस्त्र लूटपाट की और विरोध करने वाले ग्रामीणों पर लोहे की रॉड, लाठियों और धारदार हथियारों से हमला किया। इस वारदात में छह लोग घायल हो गए, जबकि एक महिला की हालत चिंताजनक बनी हुई है। डकैतों के इस हमले से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
दराडे परिवार ने किया डकैतों का मुकाबला
गुरुवार (6 नवंबर) की मध्यरात्रि कऱ्ही गांव में साईनाथ दराडे के घर में 9 से 10 डकैत घुस आए। आरोपियों ने घर के दरवाजे की अंदरूनी कुंडी खोलकर प्रवेश किया और साईनाथ दराडे तथा उनकी पत्नी अरुणा पर लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
हालांकि, दराडे दंपती ने हिम्मत दिखाते हुए डकैतों का मुकाबला किया। साईनाथ ने घर में रखी खाट डकैतों की ओर फेंकी, जबकि अरुणा ने हाथ में आए बर्तनों से हमलावरों का सामना किया। दंपती के प्रतिरोध से घबराकर डकैत वहां से भाग निकले। साईनाथ ने उनका पीछा किया तो आरोपियों ने उन पर पत्थरबाजी कर दी, जिससे वह घायल हो गए।
लहिरे बस्ती में भी ग्रामीणों ने किया प्रतिरोध, पवार बस्ती में लूटपाट
दराडे के घर से भागने के बाद डकैत सटाणे क्षेत्र की लहिरे बस्ती पहुंचे। यहां ज्योति लहिरे और अमोल लहिरे ने उनका विरोध किया। विजय लहिरे और मैनाबाई लहिरे ने भी शोर मचाकर ग्रामीणों को सतर्क करने की कोशिश की। इसके बाद डकैत वहां से भाग निकले।
इसके बाद आरोपियों ने पवार बस्ती को निशाना बनाया। घर के बाहर मौजूद कुसुमबाई पवार पर हमला कर उनके गले और कानों में पहने सोने के आभूषण छीन लिए। मां की आवाज सुनकर दिलीप पवार बाहर आए और उन्हें घर के अंदर ले जाकर दरवाजा बंद कर दिया। लेकिन डकैतों ने दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश कर लिया और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
इस हमले में आशाबाई पवार की कमर में चोट आई, जबकि दिलीप पवार के हाथ और आंख के पास चोट लगी। उनकी आंख के पास चार टांके लगाने पड़े हैं। उनका मनमाड में उपचार चल रहा है। डकैतों ने घर में मौजूद बच्चों आदित्य और सार्थक को भी धमकाया।
मां को बचाने पहुंचीं तो डकैतों ने सिर पर किया हमला, 40 टांके लगे
डकैतों ने चौथा हमला मोरे बस्ती में किया। घर में घुसकर उन्होंने शिवाजी मोरे के साथ मारपीट की और उन पर धारदार हथियार से वार किए। बेटे को बचाने के लिए उनकी मां रंजनाबाई मोरे बीच में आईं तो हमलावरों ने उनके सिर पर लोहे के हथियार से प्रहार कर दिया।
इस हमले में रंजनाबाई गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनके सिर पर करीब 40 टांके लगाने पड़े हैं। हालत चिंताजनक होने के कारण उन्हें मालेगांव के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चार घरों पर हमले से ग्रामीण इलाकों में दहशत
एक ही रात में चार स्थानों पर हुए इन सशस्त्र डकैतियों के बाद कऱ्ही और सटाणे गांव सहित आसपास के इलाके में भय का माहौल है। एक घर से डकैत दो से तीन तोला सोना और नकदी लूटकर ले गए, जबकि अन्य स्थानों पर ग्रामीणों के कड़े प्रतिरोध के कारण उनके हाथ ज्यादा सामान नहीं लगा।
गांवों में घुसकर परिवारों पर हमला करने और विरोध करने वालों को गंभीर रूप से घायल करने वाली इस टोली की वारदात ने ग्रामीण क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। एक ही रात में चार घरों को निशाना बनाने और छह लोगों को घायल करने की इस घटना के बाद डकैतों पर अंकुश लगाना क्षेत्र के सामने बड़ी चुनौती बन गया है।