वसई में व्हेल की उल्टी तस्करी का खुलासा, 2.60 करोड़ की एम्बरग्रीस सहित चार गिरफ्तार

वसई पुलिस ने व्हेल की उल्टी तस्करी गिरोह का पर्दाफाश कर 2.60 करोड़ की एम्बरग्रीस सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Update: 2026-08-03 14:04 GMT

तस्वीर में वसई पुलिस स्टेशन के बाहर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ खड़े गिरफ्तार किए गए आरोपी दिखाई दे रहे हैं।

वसई पुलिस ने व्हेल की उल्टी (एम्बरग्रीस) की गैर-कानूनी तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 2 किलो 58 ग्राम एम्बरग्रीस बरामद की है, जिसकी कीमत 2 करोड़ 6 लाख 32 हजार रुपये बताई गई है। जब्त की गई व्हेल की उल्टी को इंटरनेशनल मार्केट में करोड़ों रुपये में बेचा जाता है। मामले में आरोपियों के खिलाफ बीएनएस (BNS)-2023 और वाइल्डलाइफ (प्रोटेक्शन) एक्ट, 1972 के तहत केस दर्ज किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 2 अगस्त 2026 को शाम करीब 7 बजे वसई पुलिस स्टेशन की एक टीम जी.जी. कॉलेज इलाके में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो संदिग्ध व्यक्ति व्हेल की उल्टी बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने जाल बिछाकर दोनों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की तलाशी ली तो उनके पास मौजूद एक काले बैग से 2 किलो 58 ग्राम एम्बरग्रीस बरामद हुई। इस कार्रवाई में पुलिस ने सबसे पहले अनिल सुनील सावंत (28), निवासी गोल्डन नेस्ट, वसई और महबूब हुसैन कुरैशी (38), निवासी भाईंदर को गिरफ्तार किया।

दोनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई और विशाल संतोष ठाकरे (28), निवासी मालेगांव जिला नासिक तथा अंकित उर्फ कृष्णा पहाड़ी (28), निवासी कन्नड़, जिला छत्रपति संभाजीनगर को भी गिरफ्तार कर लिया।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने केरल राज्य से व्हेल की उल्टी (एम्बरग्रीस) लाकर वसई में बेचने की साजिश रची थी। इस मामले में वसई पुलिस स्टेशन में चारों आरोपियों के खिलाफ द वाइल्डलाइफ (प्रोटेक्शन) एक्ट, 1972 के साथ बीएनएस-2023 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। जांच के दौरान पुलिस अन्य आरोपियों और इस गैर-कानूनी तस्करी के पीछे जुड़े इंटरनेशनल नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

Tags:    

Similar News