वसई पूर्व के गौराई पाड़ा स्थित अंबिका जूलरी शॉप में आभूषण खरीदने के बहाने पहुंची दो महिलाओं ने जूलर को बातों में उलझाकर सोने के 11 झुमके चोरी कर लिए और फरार हो गईं। मामले में वालीव पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला आरोपी और उसके साथ भागने में मदद करने वाले कार चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने के झुमके, मोबाइल और कार सहित कुल 8 लाख 10 हजार रुपये का सामान बरामद किया है। वहीं, दूसरी महिला आरोपी की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार वसई पूर्व स्थित गौराई पाड़ा में रामसिंह सूडासिंह दशाना की अंबिका जूलरी शॉप है। 17 सितंबर 2026 को बुर्का पहने दो अज्ञात महिलाएं आभूषण खरीदने के बहाने दुकान पर पहुंचीं। दोनों महिलाएं जूलर से कई प्रकार के आभूषण देखने लगीं। इसी दौरान उन्होंने झुमकों की ट्रे से कई झुमके चोरी कर लिए और डिजाइन पसंद नहीं आने की बात कहकर दुकान से चली गईं।

दोनों महिलाओं के जाने के बाद जूलर ने आभूषणों की गिनती की तो सोने के 11 झुमके गायब मिले। इसके बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में दोनों महिलाएं बड़ी चालाकी से सोने के आभूषण चोरी करती हुई दिखाई दीं। जूलर ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों अज्ञात महिलाओं के खिलाफ वालीव पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के बाद वालीव पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रदीप केरकर के मार्गदर्शन में डिटेक्शन ब्रांच की टीम ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिलाओं की पहचान की गई। जांच में सामने आया कि दोनों शातिर अपराधी हैं और कई चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुकी हैं। दोनों के मूल रूप से महाराष्ट्र के नाशिक जिले की रहने वाली होने की जानकारी सामने आई।

पक्की खबर मिलने के बाद पुलिस की एक टीम नासिक पहुंची और दोनों महिलाओं के संबंध में जानकारी हासिल की। इसी बीच एक महिला मौके से गायब हो गई। पुलिस टीम ने एक पुरुष और एक महिला को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने वसई पूर्व स्थित ज्वैलर्स शॉप से सोने के झुमके चोरी करने की बात कबूल की।

पुलिस ने मुनज्जा बी शेख उर्फ मन्नो, उम्र 25 वर्षीय, मालेगांव और नदीम गयासुद्दीन शेख, उम्र 43 वर्षीय को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी किए गए सोने के झुमके, मोबाइल और कार सहित 8 लाख 10 हजार रुपये का सामान बरामद किया गया है।

वहीं फरार महिला आरोपी अन्नौ उर्फ साजिदा बशीर खान उर्फ अंसारी की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस के अनुसार वह भी शातिर अपराधी है। तीनों अपराधियों के खिलाफ महाराष्ट्र के विभिन्न क्षेत्रों में 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कई धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

Tags: