वसई गांव पुलिस स्टेशन टीम ने बंद घरों में चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

मीरा-भाईंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय के अंतर्गत वसई गांव पुलिस स्टेशन की डिटेक्शन ब्रांच टीम ने बंद घरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो मूल रूप से बांग्लादेश के निवासी हैं, जबकि तीसरा चोरी का माल खरीदने वाला स्थानीय व्यक्ति है। आरोपी दिन में इलेक्ट्रिशियन और कैटरर्स का काम करते थे, जबकि रात के समय बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और विदेशी डॉलर सहित कुल 6,68,000 रुपये का कीमती सामान बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 22 से 23 अक्टूबर के बीच वसई पश्चिम स्थित एक बंद घर में चोरी की वारदात हुई थी। मैथ्यू स्मृति सदोदावाड़ी, गिरिज, वसई पश्चिम निवासी 67 वर्षीय जोस्पिन मैथ्यू मार्टिन ने पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर की तिजोरी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी सहित कुल 3,45,000 रुपये का कीमती सामान चुरा लिया।

शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस इंस्पेक्टर सौरभी पवार के मार्गदर्शन और क्राइम पीआई प्रकाश मशाणके के नेतृत्व में जांच शुरू की गई। पुलिस टीम में वैभव पवार, मुकेश तटकरे, प्रशांत पाटिल, सूर्यकांत मुंढे, अप्पासाहेब गर्जे, प्रशांत अहेर, सौरभ दराडे और अक्षय नंदगांवकर सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

जांच के दौरान टीम ने कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी सहायता के जरिए आरोपियों की पहचान की। पुलिस को पता चला कि दोनों आरोपी माहिम में रहते हैं। इनमें से एक इलेक्ट्रिशियन और दूसरा कैटरर्स का काम करता है। इसके बाद पुलिस टीम ने माहिम स्टेशन परिसर में जाल बिछाकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस स्टेशन लाकर पूछताछ करने पर आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली और चोरी का सामान कहां रखा है, इसकी जानकारी दी। आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने माहिम पश्चिम स्थित पंथारवाड़ी साईं बाबा मंदिर के पास, कॉलेज रोड, मुंबई से दत्तात्रय काशीनाथ कोली (52) को हिरासत में लिया। उसके पास से नकदी, विदेशी डॉलर तथा सोने-चांदी के आभूषण सहित कुल 6,68,000 रुपये का कीमती सामान जब्त किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद निज़ाम मोहम्मद तासीर शेख (44) और जहाँगीर शुकर अली शेख (40) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से बांग्लादेश के निवासी हैं। वे सोरूपाड़ा, पोस्ट-तेतुलिया, तहसील हकीमपुर, पुलिस स्टेशन सोरूपनगर, 24 परगना, पश्चिम बंगाल के फर्जी पते के आधार पर भारत में रह रहे थे। पुलिस के मुताबिक, एक आरोपी के खिलाफ पहले से 7 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि दूसरे के खिलाफ एक मामला दर्ज है। तीसरा आरोपी दत्तात्रय काशीनाथ कोली चोरी का सामान खरीदने वाला स्थानीय व्यक्ति बताया गया है।

फिलहाल तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(A), 331(3) और 331(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है। वसई गांव पुलिस की इस कार्रवाई में बंद घरों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले आरोपियों के साथ चोरी का माल खरीदने वाले व्यक्ति तक भी पुलिस पहुंच गई है।

Tags: