नालासोपारा: चरित्र संदेह में पति ने पत्नी की गला घोंटकर की हत्या, फिर ट्रेन से कटकर दी जान
टाकीपाड़ा में ट्यूशन आने-जाने की बात पर हुए विवाद के बाद पति ने वारदात को अंजाम दिया और ग्रांट रोड रेलवे स्टेशन पर छलांग लगा दी।
तस्वीर में (बाएं से दाएं) मृतक तबस्सुम खान और आरोपी पति माजिद खान नालासोपारा में।
नालासोपारा। नालासोपारा पश्चिम के टाकीपाड़ा इलाके में चरित्र पर संदेह के चलते एक पति द्वारा पत्नी की गला घोंटकर हत्या करने और इसके बाद खुद ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पत्नी की हत्या के बाद आरोपी पति घर से फरार हो गया और मुंबई के ग्रांट रोड रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन के सामने छलांग लगा दी, जिससे उसकी भी मौत हो गई। मामले में नालासोपारा पुलिस ने मृतक पति के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 50 वर्षीय माजिद खान अपनी 41 वर्षीय पत्नी तबस्सुम खान के साथ नालासोपारा पश्चिम के टाकीपाड़ा इलाके में रहता था। तबस्सुम घर पर बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती थीं। इस दौरान ट्यूशन पढ़ने वाले बच्चों के पिता का उनके घर आना-जाना रहता था। इसी बात को लेकर माजिद अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। इस मुद्दे पर दोनों के बीच अक्सर विवाद और झगड़े होते रहते थे।
शनिवार सुबह करीब 5 बजे इसी बात को लेकर एक बार फिर पति-पत्नी के बीच जोरदार विवाद हुआ। विवाद के दौरान गुस्से में आए माजिद ने कथित तौर पर तबस्सुम का गला घोंट दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद माजिद घर से निकल गया।
पत्नी की हत्या के बाद माजिद लोकल ट्रेन से मुंबई सेंट्रल पहुंचा और वहां से ग्रांट रोड रेलवे स्टेशन चला गया। कुछ समय तक स्टेशन पर खड़े रहने के बाद जैसे ही एक ट्रेन आती दिखाई दी, उसने चलती ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। इस घटना में उसकी भी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद नालासोपारा पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने माजिद खान के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धारा के तहत हत्या का मामला दर्ज कर आगे की पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं, रेलवे पुलिस ने माजिद के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है और आकस्मिक मृत्यु के तहत मामला दर्ज किया है।
चरित्र पर संदेह को लेकर शुरू हुए विवाद का अंत पत्नी की हत्या और पति की आत्महत्या के रूप में हुआ। इस घटना से एक हंसता-खेलता परिवार खत्म हो गया। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और हत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।