मुंबई के कांदिवली में 5 लाख रुपये की सोने की चेन चोरी करने के आरोप में पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया सतीश कुमार केसरी।   

मुंबई में चोरी के एक मामले में पुलिस ने ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है, जो कभी आईएएस अधिकारी बनने का सपना लेकर यूपीएससी की तैयारी कर रहा था और टीवी के लोकप्रिय गेम शो 'कौन बनेगा करोड़पति' (KBC) में भी अपनी किस्मत आजमा चुका था। पढ़ाई और कारोबार में असफलताओं के बाद कर्ज में डूबे इस शख्स पर मुंबई की एक प्रतिष्ठित ज्वेलरी शॉप से 5 लाख रुपये कीमत की सोने की चेन चोरी करने का आरोप है। पिछले एक साल से फरार चल रहे आरोपी को मुंबई पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान 42 वर्षीय सतीश कुमार कृष्णप्रसाद केसरी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और कम्प्यूटर साइंस में बीटेक स्नातक है। आईएएस अधिकारी बनने की चाहत में वह दिल्ली आकर बस गया था। दिल्ली के उत्तम नगर में रहते हुए उसने यूपीएससी परीक्षाओं की तैयारी की। इस दौरान अपने खर्चों को पूरा करने के लिए वह पार्ट-टाइम नौकरियां भी करता था, लेकिन कई प्रयासों के बावजूद उसे सफलता नहीं मिली।

यूपीएससी में सफलता नहीं मिलने के बाद सतीश ने टेलीविजन गेम शो 'कौन बनेगा करोड़पति' में हिस्सा लेकर अपनी किस्मत बदलने की कोशिश की। हालांकि, यहां भी उसे निराशा हाथ लगी और वह फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट राउंड से आगे नहीं बढ़ सका।

शैक्षणिक और मनोरंजन जगत में असफलताओं के बाद सतीश ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर टूर एंड ट्रैवल का कारोबार शुरू किया। इसके लिए उसने भारी कर्ज लेकर 4-5 गाड़ियां खरीदीं और उन्हें ओला तथा उबर जैसे कैब प्लेटफॉर्म पर लगाया। हालांकि, कारोबार में घाटा होने के कारण उसका यह प्रयास भी असफल रहा। धीरे-धीरे उस पर कर्ज का बोझ बढ़ता चला गया।

कर्ज चुकाने के लिए सतीश ने चोरी की योजना बनाई। उसने तय किया कि वह देश के अलग-अलग शहरों में ग्राहकों का भेष धारण कर बड़ी ज्वेलरी दुकानों में जाएगा। वहां गहने देखने के बहाने मौका मिलते ही उन्हें लेकर फरार हो जाएगा।

इसी योजना के तहत पिछले साल 15 नवंबर को सतीश मुंबई के कांदिवली वेस्ट स्थित पद्मावती ज्वेलर्स पहुंचा। उसने ग्राहक बनकर दुकान के कर्मचारियों से 43.2 ग्राम वजन की सोने की चेन दिखाने को कहा। इसी दौरान मौका मिलते ही वह चेन लेकर दुकान से फरार हो गया। चोरी की गई चेन की कीमत 5 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस से बचने के लिए आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने की भी कोशिश की थी। उसने मुंबई के जिस हॉस्टल में ठहराव किया था, वहां फर्जी पहचान पत्र जमा कराया था। वारदात के बाद उसने अपना मोबाइल फोन पूरी तरह बंद कर दिया और वापस दिल्ली लौटकर रहने लगा।

चोरी की घटना के बाद कांदिवली पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी निगरानी की मदद से जांच आगे बढ़ाई। इस दौरान पुलिस को आरोपी के एक सक्रिय मोबाइल नंबर का सुराग मिला। इसके आधार पर मुंबई पुलिस की टीम ने दिल्ली में दबिश दी और सतीश कुमार को उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई सोने की चेन भी बरामद कर ली।

पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने कांदिवली की ज्वेलरी दुकान में चोरी करने की बात स्वीकार की। इसके साथ ही उसने मुंबई के डिंडोशी इलाके में की गई इसी तरह की एक अन्य चोरी के बारे में भी खुलासा किया। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Tags: