मुंबई में रेड अलर्ट के बाद प्रशासन अलर्ट, अमेय घोले ने कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया

मुंबई में रेड अलर्ट के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। अमेय घोले ने बीएमसी आपदा नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की और नागरिकों के लिए अहम एडवाइजरी जारी की।

Update: 2026-07-03 14:28 GMT

मुंबई में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग द्वारा मुंबई और आसपास के क्षेत्रों के लिए 'रेड अलर्ट' जारी किए जाने के बाद प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। अत्यंत भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए मुंबई का आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट मोड पर काम कर रहा है। इसी क्रम में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के विशेष निर्देशों पर शिवसेना के गटनेता अमेय घोले ने अपनी टीम के साथ बृहन्मुंबई महानगरपालिका के मुख्य आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष का औचक दौरा कर सुरक्षा तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान अमेय घोले ने नियंत्रण कक्ष के वरिष्ठ अधिकारियों से शहर की मौजूदा स्थिति, संभावित मूसलाधार बारिश और उससे निपटने के लिए किए गए सुरक्षा इंतजामों की विस्तार से जानकारी ली। लगातार हो रही बारिश के कारण मुंबई के कई निचले और संवेदनशील इलाकों में जलजमाव की स्थिति बनने के बाद प्रशासन ने सभी जलभराव वाले हॉटस्पॉट पर उच्च क्षमता वाले सक्शन पंपों को चौबीसों घंटे पूरी क्षमता के साथ संचालित रखने के निर्देश दिए हैं।

इसके साथ ही मुंबई के प्रमुख रेलवे स्टेशनों, सबवे, मुख्य सड़कों और व्यस्त चौराहों पर आधुनिक सीसीटीवी और दृकश्राव्य निगरानी प्रणाली को सक्रिय कर दिया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। निरीक्षण के दौरान अमेय घोले ने नियंत्रण कक्ष में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि इस संकट की घड़ी में मुंबई के नागरिकों की सुरक्षा और उनके जीवन की रक्षा करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने बताया कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे स्वयं मुंबई की पल-पल की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और उन्होंने बीएमसी प्रशासन को हरसंभव आपातकालीन कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। किसी भी बड़ी आपात स्थिति या रेस्क्यू ऑपरेशन से निपटने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल की कई टीमों, भारतीय तटरक्षक बल तथा बीएमसी की विशेष आपातकालीन राहत टुकड़ियों को आवश्यक साजो-सामान के साथ तटीय और संवेदनशील इलाकों में तैनात कर दिया गया है।

रेड अलर्ट की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने मुंबईकरों के लिए विशेष एडवाइजरी भी जारी की है। बीएमसी और स्थानीय पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अत्यंत आवश्यक या आपातकालीन कार्य के अलावा घरों से बाहर निकलने से बचें। विशेष रूप से जलभराव वाले मार्गों, तटीय क्षेत्रों और समुद्र किनारे जाने से परहेज करें। इसके अलावा सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर विश्वास न करने और केवल बीएमसी, आपदा प्रबंधन विभाग अथवा आपदा नियंत्रण कक्ष द्वारा जारी आधिकारिक निर्देशों एवं बुलेटिन का ही पालन करने की अपील की गई है, ताकि किसी भी संभावित हादसे से सुरक्षित रहा जा सके।

Tags:    

Similar News