मुंबई की पवई झील में म्हाडा द्वारा निर्मित 180 मीटर लंबे म्यूजिकल फाउंटेन का उद्घाटन होगा।

मुंबई की ऐतिहासिक विरासत और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम अब पवई झील पर देखने को मिलेगा। यहां देश के सबसे भव्य म्यूजिकल फाउंटेन और लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से छत्रपति शिवाजी महाराज तथा मराठाओं की शौर्यगाथा को जीवंत किया जाएगा। अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित यह आकर्षक परियोजना रविवार, 22 नवंबर 2026 को शाम 7 बजे आम जनता को समर्पित की जाएगी।

पवई झील के गणेश घाट पर आयोजित उद्घाटन समारोह में कैबिनेट मंत्री मंगलप्रभात लोढा इस परियोजना का उद्घाटन करेंगे। उनके विशेष प्रयासों से मुंबई उपनगर जिला नियोजन एवं विकास समिति के माध्यम से प्राप्त लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से म्हाडा ने इस म्यूजिकल फाउंटेन का निर्माण किया है। 180 मीटर लंबे इस फव्वारे को देश के सबसे बड़े म्यूजिकल फाउंटेन में से एक माना जा रहा है।

डिजिटल तकनीक से नियंत्रित इस परियोजना में अत्याधुनिक दृश्य और ध्वनि प्रणालियां स्थापित की गई हैं। इसमें 40 मीटर की ऊंचाई तक पानी उछालने वाले वॉटर जेट्स, 27 फायर जेट्स, रनिंग फाउंटेन चेसर्स, थ्रीडी स्विंग नोजल, फैन जेट्स, वॉटर स्क्रीन और लेजर प्रोजेक्शन जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

मल्टीमीडिया शो के तहत विशेष दृश्य प्रभावों के साथ तीन फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी। इनमें छत्रपति शिवाजी महाराज और मराठाओं का गौरवशाली इतिहास एवं पराक्रम, महाराष्ट्र की समृद्ध संस्कृति तथा मुंबई की विकास गाथा को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। प्रतिदिन लगभग तीन घंटे की अवधि में तीन शो आयोजित करने की योजना बनाई गई है।

यह परियोजना केवल पर्यटन आकर्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि झील के पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखकर भी तैयार की गई है। फव्वारे के संचालन से प्रतिदिन लगभग 30 लाख लीटर पानी का एरेशन होगा। इससे झील के पानी में घुली ऑक्सीजन की मात्रा बढ़ेगी। साथ ही आसपास के वातावरण में ठंडक आएगी और वायु गुणवत्ता में सुधार होगा।

जलीय जीवों की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। इसके तहत केवल ऊपर की ओर रोशनी देने वाली एलईडी लाइट्स का इस्तेमाल किया गया है। वहीं, ध्वनि की तीव्रता को भी निर्धारित डेसिबल सीमा के भीतर रखा जाएगा, ताकि शो के संचालन के दौरान पर्यावरणीय संतुलन प्रभावित न हो।

प्रशासनिक स्तर पर इस परियोजना के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी जिलाधिकारी कार्यालय ने म्हाडा को सौंपी है। म्हाडा को इस प्रकल्प की कार्यान्वयन एजेंसी नियुक्त किया गया है। बीएमसी की एनओसी प्राप्त होने के बाद म्हाडा, महापालिका और ठेकेदार के बीच त्रिपक्षीय समझौता भी किया गया है।

आगंतुकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए परिसर में स्वतंत्र कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन उपकरण, सुरक्षा रक्षक, प्राथमिक उपचार और व्हीलचेयर सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

कैबिनेट मंत्री मंगलप्रभात लोढा ने विश्वास जताया कि यह नवाचार नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही मुंबई को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी और इस परियोजना से रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। पवई झील पर शुरू होने जा रहा यह म्यूजिकल फाउंटेन इतिहास, संस्कृति, आधुनिक तकनीक और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ जोड़ने वाली महत्वपूर्ण पर्यटन परियोजना के रूप में सामने आएगा।

Tags: