तस्वीर में एक सुरक्षा कर्मी बीएमसी मुख्यालय के बाहर झाड़ियों और परिसर के पास मेटल डिटेक्टर से जांच करते हुए नजर आ रहा है।

मुंबई में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब शहर के अति-संवेदनशील ठिकानों को बम से उड़ाने की धमकी भरा एक ईमेल सामने आया। ईमेल में मुंबई महापौर कार्यालय, बीएमसी मुख्यालय और शहर के प्रमुख मेट्रो स्टेशनों को निशाना बनाने की चेतावनी दी गई थी। धमकी भरा ईमेल मिलते ही मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर आ गईं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बीएमसी मुख्यालय और आसपास के सभी महत्वपूर्ण परिसरों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर संभावित खतरे को टालने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

मुंबई पुलिस ने तत्काल बॉम्ब डिटेक्टिव एंड डिस्पोजल स्क्वाड, डॉग स्क्वाड और अन्य विशेष सुरक्षा दस्तों को मौके पर भेजा। सुरक्षा टीमों ने महापौर कार्यालय, बीएमसी मुख्यालय और मेट्रो स्टेशन परिसरों की बारीकी से जांच की। अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों ने इमारत के प्रत्येक हिस्से की तलाशी ली।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में बीएमसी मुख्यालय के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी दिखाई दी। वीडियो में इमारत के हर फ्लोर पर अधिकारियों और सुरक्षा कर्मचारियों को जांच करते हुए देखा गया।

आम नागरिकों और कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पूरे क्षेत्र में कड़े सुरक्षा इंतजाम लागू कर दिए गए हैं। शुरुआती जांच और विस्तृत तलाशी अभियान के बाद मुंबई पुलिस ने स्पष्ट किया कि अभी तक किसी भी स्थान से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।

मुंबई पुलिस की साइबर सेल और क्राइम ब्रांच की टीमें धमकी भरा ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हैं। जांच के तहत यह पता लगाया जा रहा है कि ईमेल कहां से और किस आईपी एड्रेस से भेजा गया था।

पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि वाली खबरें साझा न करें। पुलिस ने लोगों से यह भी कहा है कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई दे तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें।

फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरी चौकसी बरत रही हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Tags: