डोंबिवली में जैन जागृति मंच का निःशुल्क नेत्र जांच शिविर संपन्न, जैन संस्कार विधि के साथ हुआ शुभारंभ
डोंबिवली में जैन जागृति मंच द्वारा तेरापंथी सभा एवं तेरापंथ युवक परिषद के सहयोग से निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किया गया। जैन संस्कार विधि के साथ शुरू हुए इस शिविर में समाज के पदाधिकारी, गणमान्यजन और डॉ. मितेश बाफना ने स्वास्थ्य जागरूकता व संस्कारों के प्रसार पर जोर दिया।
तस्वीर में डोंबिवली स्थित एएसजी ऑय हॉस्पिटल में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर के शुभारंभ अवसर पर मंच के पदाधिकारी और गणमान्य सदस्य फ्रेम पकड़े हुए नजर आ रहे हैं।
मुंबई। जैन जागृति मंच डोंबिवली द्वारा डोंबिवली में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर तेरापंथी सभा एवं तेरापंथ युवक परिषद की सहभागिता से संपन्न हुआ। शिविर का शुभारंभ जैन परंपरा के अनुरूप जैन संस्कार विधि के साथ श्रद्धा, सादगी एवं आध्यात्मिक वातावरण में एएसजी ऑय हॉस्पिटल में किया गया।
शिविर के शुभारंभ अवसर पर मंच के अध्यक्ष मदन कोठारी, मंत्री पारस बड़ाला, तेरापंथ युवक परिषद डोंबिवली के अध्यक्ष विपिन मेहता तथा मंत्री भावेश सिंघवी उपस्थित रहे। संस्कारक भगवतीलाल सोनी, राजकुमार हिरावत, राजेश चौधरी एवं प्रवीणजी धींग ने जैन संस्कार विधि का विधिवत संचालन कर कार्यक्रम को धार्मिक एवं संस्कारमय स्वरूप प्रदान किया। इस दौरान नमस्कार महामंत्र, लोगस्स, भक्तामर स्तोत्र के पद्य तथा अन्य विविध मंत्रों के माध्यम से शुभारंभ कराया गया।
इस अवसर पर तेरापंथी सभा के अध्यक्ष मदनलाल कोठारी, मंत्री पारस बड़ाला तथा तेयुप डोंबिवली के अध्यक्ष विपिन मेहता ने अपने वक्तव्य दिए। तेरापंथी सभा एवं तेयुप डोंबिवली के सभी पदाधिकारियों तथा उपस्थित गणमान्य सदस्यों ने जैन संस्कार विधि को अपनाने और समाज में इसके व्यापक प्रचार-प्रसार का संकल्प व्यक्त किया।
नेत्र शिविर में डॉ. मितेश बाफना ने कहा कि ऐसे उपक्रमों से लोगों में जागरूकता आती है और इस प्रकार के शिविर नियमित रूप से आयोजित होने चाहिए। कार्यक्रम का समापन समाज में स्वास्थ्य जागरूकता और जैन संस्कारों के प्रसार के संकल्प के साथ हुआ।