तस्वीर में बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े (बीच में हरे और सफेद सलवार सूट में) अन्य अधिकारियों के साथ विले पार्ले स्थित सड़क पर निरीक्षण करती हुई दिखाई दे रही हैं, जिनके पास एक पीला रोड रोलर खड़ा है।

मुंबई में पैदल चलने वाले नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए व्यापक अभियान शुरू किया है। बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े ने शहर के फुटपाथों से अवैध फेरीवालों और सभी प्रकार के अतिक्रमण तत्काल हटाकर उन्हें पूरी तरह साफ और बाधा मुक्त बनाने के लिए 'पेडेस्ट्रियन फर्स्ट' अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के सख्त निर्देश दिए हैं।

अभियान की प्रगति और जमीनी स्थिति का आकलन करने के लिए बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े ने शुक्रवार सुबह पश्चिमी उपनगरों के के पश्चिम यानी विले पार्ले, अंधेरी तथा पी दक्षिण यानी गोरेगांव वार्डों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विले पार्ले पश्चिम स्थित राम गणेश गडकरी मार्ग और स्वामी विवेकानंद मार्ग (एस.वी. रोड) के फुटपाथों का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अश्विनी भिड़े ने अधिकारियों को बताया कि विले पार्ले स्थित स्वामी विवेकानंद मार्ग से राम गणेश गडकरी मार्ग के रास्ते कूपर अस्पताल तक बड़ी संख्या में मरीजों और एम्बुलेंस की आवाजाही होती है। इसके अलावा इसी मार्ग से स्कूल और कॉलेज के छात्र भी बड़ी संख्या में पैदल गुजरते हैं। इसी कारण इस पूरे मार्ग को अतिक्रमण मुक्त बनाना बीएमसी की प्राथमिकताओं में शामिल किया गया है।

'पेडेस्ट्रियन फर्स्ट' अभियान के पहले चरण में मुंबई भर के 320 किलोमीटर लंबे फुटपाथों से अतिक्रमण पूरी तरह हटाकर उन्हें आम नागरिकों के सुरक्षित आवागमन के लिए तैयार किया जाएगा। इसके तहत के पश्चिम वार्ड की कुल 355 सड़कों में से 27 प्रमुख सड़कों का चयन किया गया है, जहां लगभग 37.7 किलोमीटर लंबे फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त और व्यवस्थित किया जा रहा है।

बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फुटपाथों से अवैध दुकानें, ठेले और अन्य सभी प्रकार की रुकावटें तत्काल हटाई जाएं। साथ ही फुटपाथों की मरम्मत, सुशोभिकरण तथा पैदल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम प्राथमिकता के आधार पर उठाए जाएं।

इस निरीक्षण दौरे के दौरान सह आयुक्त डॉ. भाग्यश्री कापसे, उपायुक्त प्रशांत गायकवाड़ और सहायक आयुक्त कुंदन वलवी सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। बीएमसी का यह अभियान शहर के फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त बनाकर पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Tags: