मीरा रोड। जैन समाज के पर्युषण पर्व के दौरान छात्रों के टिफिन में कांदा, लहसुन, आलू और बीट नहीं लाने का आदेश देने वाले मीरा रोड के निजी स्कूल के खिलाफ शिक्षा विभाग ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। ठाणे जिला परिषद के माध्यमिक शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रशासन से दो दिनों के भीतर लिखित जवाब मांगा है।

मामला मीरा रोड पूर्व स्थित सेवेन स्क्वायर अकादमी स्कूल का है। स्कूल प्रशासन की ओर से अभिभावकों के व्हाट्सएप ग्रुप में एक संदेश भेजा गया था। इसमें पर्युषण पर्व के दौरान बच्चों के टिफिन में कुछ खास तरह की सब्जियां नहीं भेजने की अपील की गई थी। संदेश सामने आने के बाद अभिभावकों में नाराजगी फैल गई।

स्कूल के इस फैसले का कई सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने भी विरोध किया। संगठनों ने स्कूल प्रशासन के रवैये को मनमाना बताते हुए इसके खिलाफ कड़ा विरोध जताया। मामला बढ़ने के बाद ठाणे जिला परिषद के शिक्षणाधिकारी देविदास महाजन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्कूल प्रशासन को कारण बताओ नोटिस जारी किया।

शिक्षा विभाग ने कहा है कि धार्मिक आधार पर बच्चों के खान-पान की आदतों पर पाबंदी लगाना और उन पर मानसिक दबाव बनाना बाल अधिकारों के नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। विभाग ने स्कूल से इस संबंध में दो दिनों के भीतर लिखित जवाब देने को कहा है।

शिक्षा विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि स्कूल का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया, तो स्कूल संहिता और बाल अधिकार कानूनों के तहत कड़ी कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

यह मामला बीएमसी क्षेत्रों और आसपास के स्कूलों के लिए भी एक महत्वपूर्ण संदेश के रूप में सामने आया है कि विद्यार्थियों के व्यक्तिगत अधिकारों और खान-पान की आजादी से कोई खिलवाड़ नहीं किया जा सकता।

Tags: