दहिसर-भाईंदर लिंक रोड के निर्माण में तेजी, दिसंबर 2028 तक पूरा होगा प्रोजेक्ट
दहिसर-भाईंदर लिंक रोड का निर्माण तेज हो गया है। बीएमसी ने दिसंबर 2028 तक काम पूरा करने का लक्ष्य रखा है। एलिवेटेड रोड, खाड़ी पुल और इंटरचेंज के साथ परियोजना मुंबई-मीरा-भाईंदर कनेक्टिविटी बदलेगी।
तस्वीर में बीएमसी के अतिरिक्त आयुक्त अभिजीत बांगर और अन्य अधिकारी दहिसर-भाईंदर लिंक रोड परियोजना स्थल पर निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए नजर आ रहे हैं।
मुंबई में रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम से लोगों को राहत दिलाने के लिए बीएमसी ने मुंबई कोस्टल रोड प्रोजेक्ट के उत्तर हिस्से में निर्माण कार्य तेज कर दिया है। इसी के तहत दहिसर से भाईंदर को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण लिंक रोड का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है।
बीएमसी के अतिरिक्त आयुक्त अभिजीत बांगर ने परियोजना स्थल का दौरा कर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करते हुए परियोजना को दिसंबर 2028 तक हर हाल में पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
यह लिंक रोड मुंबई और मीरा-भाईंदर क्षेत्र के बीच सीधी और सुगम कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगा। 5 किलोमीटर से अधिक लंबे इस मार्ग पर एलिवेटेड रोड, खाड़ी पर पुल और इंटरचेंज जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।
वर्तमान में परियोजना स्थल पर 60 पिलर फाउंडेशन, 5 पाइल कैप और 4 पिलर तैयार करने का काम पूरा हो चुका है। अक्टूबर महीने के दूसरे हफ्ते से पुल के गर्डर लॉन्च करने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
नए मार्ग के तैयार होने के बाद दहिसर पश्चिम से भाईंदर पश्चिम के बीच की दूरी मिनटों में तय की जा सकेगी। इससे वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे और लिंक रोड पर वाहनों का भारी दबाव काफी हद तक कम होने की उम्मीद है।
बीएमसी प्रशासन मीरा-भाईंदर नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों के साथ मिलकर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को भी तेजी से पूरा कर रहा है। बीएमसी का मानना है कि इस मार्ग के शुरू होने से लाखों दैनिक यात्रियों के समय और ईंधन, दोनों की बड़ी बचत होगी।