मुंबई के दादर कबूतरखाना में अवैध कब्जे रोकने के लिए बीएमसी द्वारा लगाई गई एक्रेलिक शीट।

मुंबई के दादर कबूतरखाना परिसर में अवैध अतिक्रमण रोकने के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने पारदर्शी एक्रेलिक शीट लगाने का काम पूरा कर लिया है। कबूतरों को दाना डालने पर पाबंदी लगने के बाद से एक साल से अधिक समय से बंद पड़े इस प्रसिद्ध कबूतरखाने के आसपास अब अवैध फेरीवालों और असामाजिक तत्वों के दोबारा कब्जा करने पर रोक लगाने की व्यवस्था की गई है।

बीएमसी ने इससे पहले कबूतरखाना परिसर की सुरक्षा के लिए मेटल की चादरें लगाई थीं, लेकिन कुछ शरारती तत्वों और अवैध फेरीवालों ने उन चादरों को तोड़ दिया था। इसके बाद उन्होंने परिसर के अंदर की खाली जगह पर अवैध कब्जा कर लिया और उसका इस्तेमाल सामान तथा माल रखने के लिए गोदाम के रूप में करने लगे। इससे वहां से गुजरने वाले राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

इस स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए बीएमसी ने अब परिसर के चारों ओर मजबूत और पारदर्शी एक्रेलिक शीट लगाई हैं। इस व्यवस्था का उद्देश्य कबूतरखाना परिसर को सुरक्षित रखना और अवैध कब्जों की दोबारा गुंजाइश रोकना है। पारदर्शी शीट लगाए जाने से परिसर की सुरक्षा के साथ शहर की सुंदरता बनाए रखने का भी प्रयास किया गया है।

बीएमसी की इस कार्रवाई से स्थानीय नागरिकों और दुकानदारों ने राहत की सांस ली है। प्रशासन की सख्ती से परिसर में अवैध रूप से कब्जा जमाने वाले फेरीवालों पर लगाम लगाने की कोशिश की गई है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि भविष्य में किसी ने भी नियमों का उल्लंघन करने की कोशिश की, तो उसके खिलाफ और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दादर कबूतरखाना परिसर में एक्रेलिक शीट लगाने की यह कार्रवाई सार्वजनिक स्थान पर अवैध कब्जे और सामान के भंडारण की समस्या को रोकने के लिए बीएमसी के उठाए गए कदमों में शामिल है।

Tags: