नाले में कचरा फेंकने पर बीएमसी सख्त, फुटपाथ से अतिक्रमण हटाने को 76 गाड़ियां खरीदी जाएंगी
अंधेरी पश्चिम के लोखंडवाला में नाले में कचरा फेंकने पर बीएमसी ने सफाई एजेंसी को नोटिस दिया है। फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने के लिए 76 विशेष गाड़ियां किराए पर लेने का प्रस्ताव मंजूर हुआ है।
अंधेरी पश्चिम के लोखंडवाला इलाके में बीएमसी की कचरा गाड़ी से सीधे नाले में कचरा फेंके जाने का मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने संबंधित सफाई एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय नागरिक द्वारा बनाए गए वीडियो के आधार पर बीएमसी के के-पश्चिम वार्ड ने संबंधित सफाई एजेंसी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
बीएमसी के ठोस कचरा प्रबंधन विभाग ने ठेकेदार को 48 घंटे के भीतर नोटिस का जवाब देने का निर्देश दिया है। बीएमसी के अनुसार, यदि ठेकेदार का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो उसका काम का ठेका तुरंत रद्द कर दिया जाएगा और सेग्रिगेशन सेंटर को बंद कर दिया जाएगा।
इसी बीच मुंबई के फुटपाथों को अनधिकृत फेरीवालों से मुक्त कराने के लिए बीएमसी ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को और तेज करने का निर्णय लिया है। शहर और पश्चिमी उपनगरों में अतिक्रमण हटाने की मुहिम को मजबूती देने के लिए बीएमसी किराए पर 76 विशेष गाड़ियां लेने जा रही है। बीएमसी की स्थायी समिति ने इस संबंध में पेश किए गए प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
इन 76 गाड़ियों में से 27 गाड़ियां मुंबई शहर और 49 गाड़ियां पश्चिमी उपनगरों में इस्तेमाल की जाएंगी। नई गाड़ियों की मदद से अवैध रूप से दुकान लगाने वाले फेरीवालों का सामान तुरंत जब्त कर ले जाना आसान होगा। इस पूरी परियोजना पर बीएमसी प्रशासन लगभग 8.77 करोड़ रुपये खर्च करेगा।
बीएमसी अधिकारियों का मानना है कि इन गाड़ियों की उपलब्धता से सड़कों और फुटपाथों को साफ रखने में मदद मिलेगी। इससे पैदल चलने वाले आम नागरिकों को भी सहूलियत होगी। एक ओर नाले में कचरा फेंकने के मामले में ठेकेदार पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू हुई है, वहीं दूसरी ओर फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने के लिए 76 विशेष गाड़ियों की व्यवस्था की जा रही है।