गणेशोत्सव: देवेंद्र फडणवीस ने महापौर निवास में की पूजा, हुआ इको-फ्रेंडली विसर्जन
सीएम फडणवीस ने राज्य की समृद्धि के लिए प्रार्थना की, बीएमसी की अपील पर महापौर बंगले के कृत्रिम तालाब में हुआ बाप्पा का विसर्जन।
मुंबई। गणेशोत्सव के अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भायखला स्थित महापौर निवास पहुंचकर विराजमान भगवान गणेश के दर्शन किए। मुख्यमंत्री ने श्रीगणेश की विधिवत पूजा-अर्चना कर आरती की और विघ्नहर्ता भगवान गणेश के चरणों में नमन करते हुए संपूर्ण मुंबई और महाराष्ट्र की सुख-समृद्धि, विकास एवं नागरिकों के कल्याण के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर मुंबई की महापौर रितू तावडे, उनके पति राजेश तावडे, बेटा यश तावडे, बेटी एडवोकेट मधुरा तावडे तथा परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
महापौर निवास में स्थापित डेढ़ दिन की श्रीगणेश मूर्ति का पूरे भक्ति भाव और श्रद्धा के साथ विसर्जन किया गया। महापौर रितू तावडे ने बताया कि गणपति की मूर्ति पूरी तरह शाडू मिट्टी से बनाई गई थी। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मूर्ति का विसर्जन महापौर बंगले के परिसर में बनाए गए विशेष कृत्रिम तालाब में इको-फ्रेंडली तरीके से किया गया।
बीएमसी प्रशासन लगातार मुंबई के नागरिकों से अपील कर रहा है कि त्योहारों के दौरान पर्यावरण की सुरक्षा का ध्यान रखते हुए कृत्रिम तालाबों का ही उपयोग करें। महापौर निवास में हुए इस इको-फ्रेंडली विसर्जन से शहर के गणेश मंडलों और नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा मिलेगी।
बीएमसी की इस पहल की सराहना करते हुए स्थानीय लोगों ने भी अपने-अपने इलाकों में बप्पा की मूर्तियों का विसर्जन पर्यावरण अनुकूल तरीके से ही करने का संकल्प लिया है।