मुंबई। गोरेगाव पूर्व में ओबेरॉय मॉल के पास सोमवार शाम करीब पांच बजे तेज रफ्तार बेस्ट की ठेका बस पहले एक निजी कार से रगड़ाई और इसके बाद मेट्रो के खंभे से जा टकराई। हादसे में बस में सवार दो यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद वनराई पुलिस स्टेशन में बस चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज किया गया।

यह बस दिंडोशी डिपो से भाईंदर स्टेशन की तरफ जा रही थी। ओबेरॉय मॉल के पास फ्लाईओवर के नीचे दाहिना मोड़ लेते समय चालक ने बस पर नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बस पहले एक निजी कार से रगड़ाई और फिर सीधे मेट्रो के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि मेट्रो का खंभा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह टूट गया।

हादसे में घायल यात्रियों में दिंडोशी डिपो के बेस्ट कर्मचारी राजेंद्र सोनवणे और मंगेश मोडलेकर शामिल हैं। दोनों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद दुर्घटना निरीक्षक की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए जोगेश्वरी पूर्व के ट्रॉमा केयर अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया और टांके लगाने के बाद देर रात दोनों को छुट्टी दे दी।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर लिया है। कार चालक की शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बीएमसी और पुलिस प्रशासन ने डिपो अधिकारियों को ठेका चालकों की सुरक्षा जांच करने के कड़े निर्देश दिए हैं। हादसे के बाद बस चालक की लापरवाही और ठेका चालकों की सुरक्षा जांच को लेकर प्रशासनिक कार्रवाई भी शुरू हो गई है।

Tags: