मुंबई। भिवंडी के खांडूपड़ा इलाके में बुधवार तड़के उमर अपार्टमेंट की बेसमेंट पार्किंग में अचानक भीषण आग लग गई। सुबह करीब पौने चार बजे लगी आग ने देखते ही देखते पूरी पार्किंग को अपनी चपेट में ले लिया। पार्किंग में खड़ी 14 दोपहिया गाड़ियां पूरी तरह जलकर खाक हो गईं।

घटना के समय उमर अपार्टमेंट के 25 फ्लैटों में रहने वाले लोग गहरी नींद में सो रहे थे। आग के बाद इमारत में धुएं का गुबार भर गया, जिससे लोगों की नींद खुल गई और अफरा-तफरी मच गई। चारों तरफ फैले जहरीले धुएं के कारण एक महिला को सांस लेने में काफी तकलीफ होने लगी। उसे तत्काल इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।

स्थानीय निवासियों ने स्थिति को संभालते हुए बच्चों और महिलाओं को सुरक्षित रूप से इमारत की छत पर पहुंचाया। इसके बाद पुलिस और दमकल विभाग को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

दमकलकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते की गई कार्रवाई से आग के कारण बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना के बाद शांति नगर पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया।

पुलिस के शुरुआती अनुमान के मुताबिक, आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी होगी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए मामले की विस्तृत जांच जारी है। हादसे में पार्किंग में खड़ी 14 दोपहिया गाड़ियां जलकर खाक हो गईं और धुएं के कारण एक महिला को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

Tags: