तस्वीर में आचोले पुलिस स्टेशन की डिटेक्शन ब्रांच के अधिकारी और कर्मचारी गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों के साथ नजर आ रहे हैं, जिन्होंने नालासोपारा पूर्व के गाला नगर में एक सूने मकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

मीरा-भाईंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय के डिवीजन-2 अंतर्गत आचोले पुलिस स्टेशन क्षेत्र में सूने मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हुए दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। डिटेक्शन ब्रांच की टीम ने मामले की जांच के दौरान दोनों आरोपियों को पकड़कर उनके पास से लाखों रुपये कीमत के गहने और नकदी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, नालासोपारा पूर्व के गाला नगर स्थित चंद्रेश लोढ़ा पार्क निवासी सोमू जयंत बेलेल (34) के घर में चोरी की घटना सामने आई थी। अज्ञात चोर ने घर का दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद बेडरूम में रखी तिजोरी का ताला तोड़कर शिकायतकर्ता के गहने और नकदी चोरी कर फरार हो गया। घटना की शिकायत मिलने के बाद आचोले पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

पुलिस इंस्पेक्टर सुजीत पवार के मार्गदर्शन में एपीआई मानिकराव पाटील, तुकाराम भोपले सहित डिटेक्शन ब्रांच की टीम ने घटनास्थल का दौरा कर चोरी की वारदात की गहन जांच की। इस दौरान प्राप्त गोपनीय जानकारी के आधार पर पुलिस ने नालासोपारा पूर्व के साई बाजार क्षेत्र में रहने वाले आरोपी दिनेश पवार और असरफ खान की पहचान की।

इसके बाद पुलिस टीम ने विरार पूर्व के चंदनसार इलाके से दोनों आरोपियों को पकड़कर आचोले पुलिस स्टेशन लाया। पूछताछ के दौरान दोनों ने चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की। पुलिस ने उनके पास से लाखों रुपये कीमत के गहने और नकदी जब्त की।

दोनों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(A) और 331(3) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगे की जांच आचोले पुलिस कर रही है।

Tags: