पोस्टल कॉलोनी रोड पर जैन संत के अहिंसा और नैतिकता संदेश को समर्पित चौक लोकार्पण समारोह के दृश्य।  

 चेम्बूर में जैन धर्म के युगप्रधान आचार्य महाप्रज्ञ की स्मृति को समर्पित नवनिर्मित ‘आचार्य महाप्रज्ञ चौक’ का लोकार्पण श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर साध्वी निर्वाणश्री म.सा.-6 के पावन सान्निध्य में ‘उजाला प्रज्ञा की रश्मियों का’ कार्यक्रम आयोजित हुआ। पोस्टल कॉलोनी रोड पर आयोजित समारोह में धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र की अनेक हस्तियों ने भाग लिया।

श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए आचार्य महाप्रज्ञ की विदुषी सुशिष्या साध्वी निर्वाणश्री ने कहा कि प्रज्ञा के बीज प्रत्येक व्यक्ति के अंतस्तल में विद्यमान हैं, लेकिन उनका प्रस्फुटन संकल्प और पुरुषार्थ से होता है। आचार्य महाप्रज्ञ प्रज्ञा की रश्मियों से आलोकित महापुरुष थे। उन्होंने अपने नौ दशक के जीवनकाल में समाज को भरपूर उजाला दिया। ध्यान की कला सिखाई और जीवन विज्ञान के रूप में शिक्षा का नया प्रकल्प प्रस्तुत किया। उन्होंने अपनी अभिलाषा व्यक्त करते हुए कहा कि आचार्य महाप्रज्ञ चौक से गुजरने वाला प्रत्येक व्यक्ति प्रज्ञा की रश्मियों को याद करे।

प्रमुख साध्वी डॉ. योगक्षेमप्रभा ने अपनी प्रभावशाली संचालन शैली से उपस्थित लोगों और जनप्रतिनिधियों को प्रभावित किया। उन्होंने अपने संयोजकीय वक्तव्य में कहा कि आज हम उजालों की अभिवंदना कर रहे हैं। अंधकार किसी को प्रिय नहीं होता और प्रकाश सर्वत्र वांछनीय है। जब अंतःकरण आलोकित होता है तो जीवन धन्य बन जाता है। आचार्य महाप्रज्ञ महान दार्शनिक, साहित्यकार और योगीराज थे। उनके नाम पर चौक का नामकरण होना चेम्बूर के लिए सौभाग्य की बात है।


समारोह के मुख्य अतिथि महाराष्ट्र के उद्योग मंत्री उदय सामंत ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह अपने आप में बड़ी बात है कि एक संत ने एक लाख किलोमीटर की पदयात्रा कर सद्भावना, नैतिकता और अहिंसा का परचम फहराया। उन्होंने साध्वी की 60 हजार किलोमीटर की पदयात्रा को भी विस्मयकारी बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से उन्होंने जनकल्याण का कार्य किया है।

इस अवसर पर गृह राज्य मंत्री योगेश कदम ने भी प्रसन्नता जताई और भविष्य में पुनः कार्यक्रम में उपस्थित होने की भावना व्यक्त की। स्थानीय विधायक तुकाराम काते ने अपने विधानसभा क्षेत्र में आचार्य महाप्रज्ञ चौक के निर्माण को आचार्य महाप्रज्ञ के प्रति श्रद्धांजलि बताते हुए इसे अपना सौभाग्य माना।

स्थानीय विधान परिषद सदस्य सुनील क़र्ज़तकर, शिवसेना के जनरल सेक्रेटरी राहुल शेवाले और नगरसेविका आशाताई मराठे ने भी अपने विचार व्यक्त किए। समारोह में नगरसेविका समृद्धि काते, राजश्री पलांडे, विभाग प्रमुख अविनाश राणे, अनिल त्रिपाठी और नगर सेवक सेनगुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ ‘चैत्य पुरुष जग जाए’ गीत की प्रस्तुति से हुआ। साध्वी योगक्षेमप्रभा, साध्वी लावण्यप्रभा, साध्वी कुंदनप्रभा, साध्वी मुदितप्रभा और साध्वी मधुरप्रभा ने सामूहिक रूप से गीत प्रस्तुत किया।

तेरापंथ सभाध्यक्ष लक्ष्मण कोठारी, मुंबई सभाध्यक्ष सुरेन्द्र कोठारी, पूर्व अध्यक्ष रमेश धोका, अणुव्रत अध्यक्ष रतन दुगड़, तेयुप से हिमांशु गन्ना और ममता कच्छारा ने भी अपने उद्गार व्यक्त किए। मंत्री दिलीप मेहता ने आभार ज्ञापित किया।

समारोह के दौरान महाराष्ट्र के उद्योग मंत्री उदय सामंत सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने नवनिर्मित ‘आचार्य महाप्रज्ञ चौक’ का अनावरण किया। चेम्बूर श्रावक समाज की ओर से उपस्थित अतिथियों का दुपट्टा, स्मृति चिह्न और साहित्य भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम के मुख्य प्रायोजक नरेन्द्र प्रशांत तातेड़ का स्मृति चिह्न देकर विशेष सम्मान किया गया।

इस अवसर पर अखिल भारतीय तेयुप के पूर्व अध्यक्ष एवं अणुविभा के न्यासी अविनाश नाहर भी उपस्थित रहे। सुरेश राठौड़ ने उद्योग मंत्री उदय सामंत का दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में तेरापंथ सभा, ट्रस्ट, तेयुप और महिला मंडल सहित विभिन्न संस्थाओं ने सक्रिय सहयोग दिया। आचार्य महाप्रज्ञ चौक का लोकार्पण उनके विचारों, प्रज्ञा, ध्यान, नैतिकता और अहिंसा के संदेश को चेम्बूर में स्थायी पहचान देने वाला आयोजन रहा।

Tags: