वर्धा: समृद्धि महामार्ग पर बोलेरो पिकअप और ट्रक में टक्कर, 7 श्रद्धालुओं की मौत
धामणगांव रेलवे के पास शेगांव से देवी की मूर्ति लेकर लौट रहे श्रद्धालुओं का वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुआ, 15 से अधिक घायल अस्पताल में भर्ती।
तस्वीर में पारदर्शी प्लास्टिक से ढकी हुई दुर्गा देवी की मूर्ति सड़क पर रखी दिख रही है।
वर्धा : नवरात्रोत्सव के लिए शेगांव से दुर्गा देवी की मूर्ति लेकर वर्धा लौट रहे श्रद्धालुओं के वाहन को समृद्धी महामार्ग पर शुक्रवार को भीषण हादसे का सामना करना पड़ा। धामणगांव रेलवे क्षेत्र में हुए इस हादसे में बोलेरो पिकअप वाहन में सवार सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 15 से अधिक लोग घायल हुए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
मिली जानकारी के अनुसार, वर्धा शहर के सिंदी मेघे क्षेत्र के दुर्गा देवी मंडल के सदस्य देवी की मूर्ति लाने के लिए शेगांव गए थे। मूर्ति लेकर वे बोलेरो पिकअप वाहन से वर्धा लौट रहे थे। इसी दौरान समृद्धी महामार्ग पर धामणगांव रेलवे के पास चैनल नंबर 97 के क्षेत्र में उनके वाहन को एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन में सवार कुछ लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद महामार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। घटनास्थल पर पहुंचे पुलिसकर्मियों और नागरिकों ने बचाव कार्य शुरू कर घायलों को वाहन से बाहर निकाला।
घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए धामणगांव रेलवे के अस्पताल में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को आगे के उपचार के लिए वर्धा ले जाए जाने की जानकारी है।
नवरात्रोत्सव के लिए खुशी के साथ दुर्गा देवी की मूर्ति लेकर लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ रास्ते में हुए इस हादसे से सिंदी मेघे क्षेत्र में शोक की लहर है। घटना से वर्धा जिले में भी गहरा दुख व्यक्त किया जा रहा है। हादसे का वास्तविक कारण पता लगाने के लिए पुलिस की जांच जारी है।