तस्वीर में बरुड-मोर्शी महामार्ग पर हुई सड़क दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त कार, सड़क किनारे पड़ा पीड़ित और दुर्घटनाग्रस्त बाइक दिखाई दे रही हैं।

अमरावती जिले में बरुड-मोर्शी महामार्ग पर जामगांव खडका फाटे के पास कार और बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में बाइक चालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद बाइक और कार के परखच्चे उड़ गए।

जानकारी के अनुसार, 17 अगस्त को शाम करीब पांच या छह बजे के बीच बाइक चालक अपनी बाइक से नागपुर जा रहा था। इसी दौरान जामगांव खडका फाटे के पास नागपुर की तरफ से आ रही कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

मृतक बाइक चालक की पहचान शुभम बैतुले, निवासी शिरजगांव कसबा के रूप में बताई जा रही है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि घटनास्थल पर बाइक और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में दिखाई दीं।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों और परिसर के नागरिकों की बड़ी संख्या में घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई। घटनास्थल बेनोड़ा पुलिस थाना क्षेत्र में आने के कारण सूचना मिलते ही बेनोड़ा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का पंचनामा किया।

फिलहाल मामले में आगे की जांच बेनोड़ा पुलिस द्वारा शुरू कर दी गई है।

Tags: