तस्वीर में मुरैना में पुलिस अधिकारियों के साथ आरोपी और बरामद चांदी का छत्र नजर आ रहा है।

मुरैना शहर के श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर से भगवान मुनिसुव्रतनाथ की प्रतिमा के ऊपर लगा करीब 1.5 किलोग्राम वजनी चांदी का छत्र चोरी होने के मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपी को आगरा के अछनेरा से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की वारदात में इस्तेमाल किया गया लोहे का कटर और चोरी की गई चांदी बरामद की है। बरामद चांदी की कीमत करीब 2.50 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 4 अगस्त 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे मंदिर के पुजारियों ने मंदिर के प्रथम तल पर भगवान मुनिसुव्रतनाथ की प्रतिमा के ऊपर लगा तीन खंड वाला चांदी का छत्र गायब होने की जानकारी दी थी। शिकायत मिलने पर थाना कोतवाली में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा के निर्देश पर आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई। नगर पुलिस अधीक्षक दीपाली चंदौरिया के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल समेत आसपास के क्षेत्रों में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए और संदिग्धों से पूछताछ की गई।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे एक संदिग्ध की पहचान के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। पुलिस को मिली सूचना के आधार पर टीम अछनेरा, आगरा पहुंची और संदिग्ध की पहचान की। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने उसे अछनेरा से पकड़कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने जैन मंदिर में चोरी की वारदात करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया लोहे का कटर और चोरी से संबंधित चांदी बरामद की। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आगरा में भी पहले से कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ कोतवाली आगरा, कोतवाली मथुरा गेट आगरा, कोतवाली अछनेरा आगरा सहित अन्य थाना क्षेत्रों में चोरी, धोखाधड़ी, गैंगस्टर एक्ट समेत कई मामले पहले से दर्ज बताए गए हैं। वर्तमान मामले में कोतवाली मुरैना में अपराध क्रमांक 385/26 के तहत धारा 305(ए) बीएनएस में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस की कार्रवाई से मंदिर से चोरी हुए चांदी के छत्र से जुड़े मामले में आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी की चांदी की बरामदगी हुई है।