तस्वीर में बाएं से दाएं, एक व्यक्ति, चौकी प्रभारी विनोद पांडे ट्रैक्टर चलाते हुए और एक पुलिसकर्मी कटनी के जंगल में नजर आ रहे हैं।

कटनी जिले के रीठी थाना क्षेत्र की सलैया चौकी में पुलिस का मानवीय चेहरा सामने आया। उमर डोली के घने जंगल में युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई, लेकिन जंगल के अंदर रास्ता बेहद दुर्गम होने के कारण शव तक पहुंचना और उसे बाहर लाना चुनौती बन गया। ऐसे में सलैया चौकी प्रभारी विनोद पांडे ने खुद ट्रैक्टर की कमान संभाली और पुलिस टीम के साथ घने जंगल के अंदर पहुंचे।

दरअसल, उमर डोली के जंगल में शव मिलने की सूचना के बाद सलैया चौकी प्रभारी विनोद पांडे पुलिस स्टाफ के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुए। जंगल के अंदर रास्ता नहीं होने के कारण पुलिस टीम के सामने शव तक पहुंचने की मुश्किल खड़ी हो गई। शव को बाहर लाने के लिए भी कोई अन्य साधन उपलब्ध नहीं था।

स्थिति को देखते हुए चौकी प्रभारी विनोद पांडे ने स्वयं ट्रैक्टर चलाने की जिम्मेदारी संभाली। वह पुलिसकर्मियों को साथ लेकर ट्रैक्टर से घने जंगल के अंदर पहुंचे। मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस टीम ने शव की स्थिति का जायजा लिया और घटनास्थल की बारीकी से जांच शुरू की।

चौकी प्रभारी का खुद ट्रैक्टर चलाकर पुलिस टीम के साथ जंगल तक पहुंचना मुश्किल परिस्थितियों में पुलिस की जिम्मेदारी निभाने की तस्वीर सामने लाता है। फिलहाल पुलिस ने शव की पहचान और मौत के कारणों को लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।

Tags: