कटनी विधायक की कंपनी से 1.5 करोड़ की साइबर ठगी, सीनियर डायरेक्टर के नंबर से आया फर्जी WhatsApp मैसेज
कटनी विधायक संजय पाठक की कंपनी से 1.5 करोड़ की साइबर ठगी हुई। फर्जी WhatsApp मैसेज से रकम ट्रांसफर कराई गई, 16 लाख होल्ड हुए।
तस्वीर में कटनी का कोतवाली थाना भवन दिख रहा है, जहां साइबर ठगी का मामला दर्ज किया गया है।
कटनी के विजयराघवगढ़ से भाजपा विधायक संजय पाठक की कंपनी से डेढ़ करोड़ रुपए की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने कंपनी के सीनियर डायरेक्टर के मोबाइल नंबर से फर्जी वॉट्सऐप मैसेज भेजकर कंपनी के अकाउंटेंट से दूसरे खाते में 1.5 करोड़ रुपए ट्रांसफर करवा लिए। पुलिस और साइबर सेल की कार्रवाई में करीब 16 लाख रुपए होल्ड करा दिए गए हैं।
घटना बुधवार दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है। कंपनी के सीनियर अकाउंटेंट के मोबाइल पर सीनियर डायरेक्टर के नंबर से वॉट्सऐप मैसेज आया। मैसेज में दूसरे व्यक्ति के खाते में तत्काल 1.5 करोड़ रुपए ट्रांसफर करने के निर्देश दिए गए थे। नंबर परिचित होने के कारण अकाउंटेंट ने मैसेज पर भरोसा किया और बताई गई रकम ट्रांसफर कर दी।
शाम करीब 5 बजे विधायक संजय पाठक के फ्लाइट से उतरने के बाद मामले का खुलासा हुआ। सीनियर डायरेक्टर ने बताया कि उन्होंने ऐसा कोई मैसेज नहीं भेजा था। इसके बाद कंपनी को साइबर ठगी का पता चला। ठगी के लिए मोबाइल नंबर का इस्तेमाल किस तरह किया गया, इसकी जांच पुलिस कर रही है।
मामले की जानकारी मिलते ही विधायक संजय पाठक ने पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा को सूचना दी। एसपी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की टीम सक्रिय हुई। जिस खाते में रकम ट्रांसफर की गई थी, उसे ट्रेस कर करीब 16 लाख रुपए होल्ड करा दिए गए।
विधायक संजय पाठक के अनुसार, प्रारंभिक जांच में बाकी रकम कोलकाता के अलग-अलग खातों और एटीएम से निकाले जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस इन ट्रांजेक्शन और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
एसपी कटनी अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि मामले में कोतवाली थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है। साइबर सेल की मदद से जांच जारी है और आरोपियों को ट्रेस करने के प्रयास किए जा रहे हैं। डेढ़ करोड़ रुपए की इस साइबर ठगी में फर्जी वॉट्सऐप मैसेज के जरिए कंपनी के अकाउंटेंट को भरोसे में लेकर रकम ट्रांसफर कराई गई, जबकि पुलिस अब आरोपियों तक पहुंचने और बाकी रकम के ट्रांजेक्शन की जांच में जुटी है।