नरसिंहपुर में NH-44 पर दर्दनाक हादसा, बाइक से गिरी महिला को ट्रक ने रौंदा
नरसिंहपुर के करेली थाना क्षेत्र में NH-44 पर बाइक अनियंत्रित होकर गिरने के बाद महिला ट्रक की चपेट में आ गई। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया, जबकि बाइक चालक समेत दो घायल हैं।
तस्वीर में नरसिंहपुर के जिला अस्पताल में सड़क हादसे के घायल युवक का उपचार करते हुए डॉक्टर, मेडिकल स्टाफ और परिजन दिखाई दे रहे हैं।
नरसिंहपुर जिले के करेली थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-44 पर कृष्णा ढाबा के पास हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक समेत दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम नारगी निवासी आकाश चौधरी (21 वर्ष) अपनी बाइक से संजना बैरागी (20 वर्ष), निवासी करकबेल, और एक अन्य युवक को नरसिंहपुर से नारगी लेकर जा रहा था। इसी दौरान नारगी के पास एक चार पहिया वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित हो गई और तीनों बाइक समेत सड़क पर गिर गए।
इसी बीच पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से संजना बैरागी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को तत्काल शासकीय जिला अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकीय परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने संजना बैरागी को मृत घोषित कर दिया। हादसे में बाइक चालक आकाश चौधरी भी गंभीर रूप से घायल हुआ है और उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। वहीं, हादसे में घायल एक अन्य युवक का भी अस्पताल में उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलने के बाद मृतका की मां और अन्य परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम डॉक्टर से करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर हुए इस हादसे में एक महिला की जान चली गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हुए हैं।