कटनी के खरहटा में किचन में घुसा 10 फीट लंबा अजगर, सर्प मित्र ने किया रेस्क्यू
राजाराम साहू के घर की किचन में घुसे विशाल अजगर को सर्प मित्र खेमचंद यादव ने एक घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित जंगल में छोड़ा।
तस्वीर में एक घर के फर्श पर कुंडली मारकर बैठा हुआ अजगर दिख रहा है।
कटनी। बड़वारा थाना क्षेत्र के ग्राम खरहटा में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ग्रामीण के घर की किचन में करीब 10 फीट लंबा अजगर घुस आया। किचन में काम करने पहुंचे परिवार के सदस्यों की नजर जैसे ही विशाल अजगर पर पड़ी, वे सहम गए। घबराए परिजन तत्काल घर से बाहर निकल आए और शोर मचाकर आसपास के लोगों को सूचना दी।
खरहटा निवासी राजाराम साहू के घर की किचन के दरवाजे के पास अजगर बैठा हुआ था। विशाल सांप को देखकर परिवार में दहशत का माहौल बन गया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद स्थानीय सर्प मित्र खेमचंद यादव को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सर्प मित्र मौके पर पहुंचे और सीमित जगह वाली किचन में बेहद सावधानी से अजगर के रेस्क्यू का काम शुरू किया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया गया।
रेस्क्यू के दौरान अजगर को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाया गया। इसके बाद उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाकर छोड़ दिया गया। घर की किचन में करीब 10 फीट लंबे अजगर के मिलने की घटना से ग्रामीणों में काफी देर तक चर्चा बनी रही।