तस्वीर में मैहर के राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त हुई चांदी के रंग की इनोवा कार और राहत कार्य में जुटे लोग नजर आ रहे हैं.

मैहर में शनिवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई। दोनों गया (बिहार) में अपने पितरों का पिंडदान और श्राद्ध कर्म संपन्न कराकर लौट रहे थे। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मैहर के पौड़ी गांव के पास तड़के करीब 4 बजे हुआ। उनकी अनियंत्रित इनोवा कार सड़क किनारे डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में दोनों भाइयों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतकों की पहचान दमोह (मध्य प्रदेश) निवासी डॉ. संजय गंगेले (59) और उनके बड़े भाई सुधीर गंगेले (61) के रूप में हुई है। सुधीर गंगेले एक स्कूल में प्रिंसिपल के पद पर कार्यरत थे, जबकि डॉ. संजय गंगेले जाने-माने चिकित्सक थे। उनकी पत्नी डॉ. श्रद्धा गंगेले भी दमोह की विख्यात स्त्री रोग विशेषज्ञ हैं। हादसे के समय वह किसी कार्य से भोपाल में थीं।

शुरुआती जांच और घटनास्थल की परिस्थितियों के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि देर रात लंबे सफर के कारण कार चला रहे ड्राइवर राजा रैकवार को तड़के अचानक झपकी आ गई। इसके चलते तेज रफ्तार इनोवा कार, जिसका नंबर MP 20 BA 5139 है, अनियंत्रित हो गई और सीधे डिवाइडर में जा घुसी।

घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल चालक राजा रैकवार को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

मैहर पुलिस ने हादसे की सूचना दमोह में रह रहे परिजनों को दे दी है। परिजनों के मैहर पहुंचने के बाद दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे में दो भाइयों की मौत की खबर से दमोह क्षेत्र में शोक की लहर है।