तस्वीर में नरसिंहपुर के खमतरा गांव की घटना से जुड़ी एक सफेद रंग की गाड़ी और उसमें बैठे लोग नजर आ रहे हैं।

नरसिंहपुर के नजदीकी खमतरा गांव में 25 वर्षीय नवविवाहिता संजना कुर्मी ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना के समय वह घर में अकेली थी। पति नीतेश कुर्मी को उसका शव किचिन में पंखे के जरिए साड़ी से बने फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। वहीं, मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर शादी के बाद से ही संजना को प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

स्टेशनगंज थाना के एसआई मुकेश बिसेन के अनुसार, नटवारा गांव निवासी संजना का विवाह बीते फरवरी माह में खमतरा निवासी नीतेश कुर्मी के साथ हुआ था। बुधवार की सुबह नीतेश अपनी मां को लेकर सूरजगांव गया था। इस दौरान संजना घर में अकेली थी।

दोपहर करीब एक बजे नीतेश वापस खमतरा स्थित घर पहुंचा तो दरवाजा बंद मिला। उसने आवाज लगाई, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद उसने पीछे की तरफ लगे पुराने दरवाजे से अंदर देखा तो किचिन में संजना फांसी के फंदे से लटकी हुई थी।

नीतेश ने अपने रिश्ते के एक भाई के साथ मिलकर दरवाजा तोड़ा और संजना को फंदे से नीचे उतारा। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही संजना को ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों ने इस मामले में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मृतका के परिजनों के आरोपों समेत पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।