कटनी स्टेशन पर जनता एक्सप्रेस में महिला की मौत, बक्सर की रहने वाली थी गीता देवी
मुंबई-पटना ट्रेन में यात्रा के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने पर रेलवे डॉक्टर को बुलाया गया, जांच के बाद मृत घोषित।
तस्वीर में कटनी रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म पर एकत्रित रेलवे अधिकारी, पुलिसकर्मी और यात्री दिख रहे हैं।
कटनी। मुंबई से पटना जा रही गाड़ी संख्या 13202 जनता एक्सप्रेस में सफर कर रही 50 वर्षीय महिला यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। मृतका की पहचान गीता देवी के रूप में हुई है, जो बिहार के बक्सर जिले की रहने वाली थीं।
मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेन में यात्रा के दौरान गीता देवी की हालत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद उनके परिजनों ने तत्काल रेलवे कंट्रोल रूम को सूचना देकर मेडिकल सहायता की मांग की।
सूचना मिलते ही कटनी स्टेशन पर तैनात डिप्टी एसएस (कमर्शियल) मुकेश मिश्रा ने तत्परता दिखाते हुए रेलवे डॉक्टर को कॉल कर स्टेशन पर बुलाया। ट्रेन के कटनी स्टेशन पहुंचते ही रेलवे डॉक्टर संबंधित कोच में पहुंचे और महिला यात्री की जांच की। जांच के बाद डॉक्टर ने गीता देवी को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। रेलवे प्रशासन की ओर से आवश्यक औपचारिकताओं की कार्रवाई की जा रही है।